छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सूरजपुर में तंबाकू के खिलाफ बड़ा अभियान, गांव-गांव पहुंचा नशामुक्ति का संदेश; युवाओं को किया गया जागरूक

विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर सूरजपुर जिले में नशामुक्ति और जन-जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को तंबाकू एवं अन्य नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों से अवगत कराया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सूरजपुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में संगोष्ठियां, जनसंवाद और जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

अभियान के दौरान पैरालीगल वॉलेंटियर्स ने विभिन्न स्थानों पर लोगों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और इसके सामाजिक दुष्परिणामों के बारे में जानकारी दी। मुख्य कार्यक्रम सबरी सेवा संस्थान द्वारा संचालित नशा मुक्ति केंद्र सूरजपुर और ग्राम नमदगिरि में आयोजित किया गया। इसके अलावा वृद्धाश्रम सूरजपुर, गणेशपुर बाजार, थाना चांदनी, थाना प्रेमनगर सहित कई गांवों में भी जागरूकता गतिविधियां संचालित की गईं।

स्वास्थ्य कर्मियों और जागरूकता अभियान से जुड़े वक्ताओं ने बताया कि धूम्रपान, गुटखा, खैनी और जर्दा जैसे तंबाकू उत्पाद कैंसर, श्वसन रोगों और अन्य गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का प्रमुख कारण बनते हैं। उन्होंने चिंता जताई कि आकर्षक विज्ञापनों के माध्यम से युवाओं को तंबाकू उत्पादों की ओर आकर्षित किया जा रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर दीर्घकालिक दुष्प्रभाव पड़ सकते हैं।

कार्यक्रम में लोगों को नशामुक्त जीवनशैली अपनाने, तंबाकू पर होने वाले अनावश्यक खर्च को बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य पर लगाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प दिलाया गया। ग्रामीणों, महिलाओं और युवाओं ने नशामुक्त समाज निर्माण की शपथ लेकर अभियान को सफल बनाने में सहभागिता निभाई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button