छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रायपुर में पुरातत्त्वीय धरोहर संरक्षण पर तीन दिवसीय कार्यशाला शुरू, जिला स्तर पर बनेंगे मजबूत विरासत संघ

रायपुर। प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों के संरक्षण को मजबूत करने के लिए संस्कृति विभाग ने एक महत्वपूर्ण पहल की है। संस्कृति विभाग के निर्देश पर पुरातत्त्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय, रायपुर द्वारा “जिला पुरातत्त्वीय संघों के निर्माण एवं कार्यविधियाँ” विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला आयोजित की जा रही है।

यह कार्यशाला 07 से 09 मार्च 2026 तक महंत घासीदास स्मारक संग्रहालय, सिविल लाइन्स, रायपुर में आयोजित हो रही है। इसका उद्देश्य प्रदेश के विभिन्न जिलों में जिला पुरातत्त्वीय संघों के गठन, उनकी कार्यप्रणाली और जिम्मेदारियों को स्पष्ट करना है, ताकि राज्य की पुरातात्त्विक धरोहरों के संरक्षण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जा सके।

इस आयोजन के माध्यम से जिला स्तर पर विरासत संरक्षण के लिए एक मजबूत संस्थागत ढांचा तैयार करने के साथ-साथ स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाने पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है। कार्यशाला में पुरातत्त्व, संग्रहालय प्रबंधन और विरासत संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों द्वारा कई तकनीकी सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें प्रतिनिधियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है।

पहले तकनीकी सत्र में प्राचीन भारतीय इतिहास, संस्कृति एवं पुरातत्त्व विषय के विशेषज्ञ प्रो. आर. एन. विश्वकर्मा ने “संग्रहालयों के संचालन में जिला पुरातत्त्वीय संघों की भूमिका” विषय पर मुख्य व्याख्यान दिया। उन्होंने संग्रहालयों के प्रभावी संचालन, स्थानीय समुदाय की भागीदारी और पुरातात्त्विक धरोहरों के संरक्षण में जिला स्तर के संगठनों की अहम भूमिका पर विस्तार से चर्चा की।

इसके बाद आयोजित परिचर्चा सत्र में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में चल रही गतिविधियों और अनुभवों को साझा किया। साथ ही कार्यान्वयन के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करते हुए विशेषज्ञों ने उनके समाधान के लिए व्यवहारिक सुझाव भी दिए।

पुरातत्त्व, अभिलेखागार एवं संग्रहालय संचालनालय के संचालक विवेक आचार्य ने बताया कि इस कार्यशाला के जरिए जिला स्तर पर धरोहर संरक्षण की संस्थागत व्यवस्था को मजबूत किया जा रहा है। साथ ही स्थानीय समुदाय की भागीदारी बढ़ाकर प्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सुरक्षित रखने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के आयोजन में पी.सी. पारख, प्रभात कुमार सिंह, अरुंधति परिहार, रोशनी शर्मा, वृषोत्तम साहू, प्रवीन तिर्की, राजीव मिंज, विष्णु नेताम, समीर टल्लू, मुकेश जोशी, अमर भरतद्वाज, नूतन एक्का और अरुण निर्मलकर सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button