छत्तीसगढ़ में धनतेरस का त्योहार व्यापारियों के लिए खुशियों की सौगात लेकर आया। प्रदेशभर के बाजारों में ऐसी रौनक देखने को मिली कि सोने-चांदी से लेकर ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, बर्तन और पटाखा कारोबार तक हर तरफ जमकर धन बरसा। व्यापारिक संगठनों के अनुमान के मुताबिक, धनतेरस के एक दिन में ही छत्तीसगढ़ में 12 हजार करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। इस बंपर खरीदारी ने पिछले कई वर्षों के रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिए।
इस बार धनतेरस पर सबसे ज्यादा धमाका ऑटोमोबाइल सेक्टर में देखने को मिला। बाइक, स्कूटी, कार, ट्रैक्टर से लेकर जेसीबी और कॉमर्शियल वाहनों तक की जमकर बिक्री हुई। अनुमान है कि प्रदेश में एक ही दिन में 1.30 लाख से ज्यादा दोपहिया वाहन और 10 हजार से अधिक कारें बिकीं। इसके अलावा करीब 10 हजार ट्रैक्टर, कॉमर्शियल वाहन, जेसीबी और थ्री-व्हीलर की खरीदारी का भी अनुमान लगाया गया है।
राजधानी रायपुर से लेकर बिलासपुर, दुर्ग, रायगढ़ और जगदलपुर तक बाजारों में सुबह से देर रात तक खरीदारों की भीड़ उमड़ती रही। दुकानों और शोरूम में पैर रखने तक की जगह नहीं थी। कारोबारियों के चेहरों पर भी इस बंपर बिक्री की खुशी साफ नजर आई।
जिलेवार कारोबार के आंकड़े भी बाजार की रौनक की कहानी बयां कर रहे हैं। बिलासपुर में कारोबारियों ने करीब 1000 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान लगाया है। वहीं दुर्ग जिले में लगभग 300 करोड़, रायगढ़ में 30 से 38 करोड़ और जगदलपुर में 30 से 35 करोड़ रुपये के कारोबार का अनुमान है।
सोने-चांदी की कीमतों में लगातार उतार-चढ़ाव के बावजूद सराफा बाजार की चमक फीकी नहीं पड़ी। लोगों ने शुभ मुहूर्त में सोने-चांदी के सिक्के, देवी-देवताओं की मूर्तियां और आभूषण खरीदे। वहीं बर्तन बाजार में पीतल, तांबे और कांसे के बर्तनों की खूब बिक्री हुई। इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों में टीवी, फ्रिज और आकर्षक सजावटी लाइट खरीदने वालों की भीड़ लगी रही।
पटाखा कारोबार ने भी इस बार जबरदस्त उछाल दर्ज किया। देर रात तक बाजारों में ग्राहकों की आवाजाही बनी रही। अकेले बिलासपुर में एक ही दिन में 50 करोड़ रुपये से अधिक के पटाखे बिकने का कारोबारियों ने दावा किया है।
कुल मिलाकर इस बार धनतेरस ने छत्तीसगढ़ के बाजारों में रौनक और कारोबार दोनों का नया रिकॉर्ड कायम किया। ऑटोमोबाइल से लेकर सराफा और इलेक्ट्रॉनिक्स तक हर सेक्टर में हुई बंपर खरीदारी ने साफ कर दिया कि त्योहारों के सीजन में प्रदेश की बाजार अर्थव्यवस्था ने जोरदार रफ्तार पकड़ ली है।











Leave a Reply