DSP कल्पना वर्मा पर करोड़ों ऐंठने का आरोप लगाने वाला दीपक टंडन गिरफ्तार, AI से तस्वीरें एडिट कर करता था ब्लैकमेल!

Deepak Tandon, who accused DSP Kalpana Verma of extorting crores, has been arrested; he used to carry out blackmail by editing images with the help of AI!
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

छत्तीसगढ़ में DSP कल्पना वर्मा से जुड़े चर्चित विवाद में अब एक नया और चौंकाने वाला मोड़ सामने आया है। जिस होटल कारोबारी दीपक टंडन ने तत्कालीन DSP कल्पना वर्मा पर प्रेमजाल में फंसाकर करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी और कीमती गहने लेने के आरोप लगाए थे, उसे अब बिलासपुर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उस पर AI तकनीक के जरिए लोगों की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर फर्जी और आपत्तिजनक खबरें प्रकाशित करने, फिर उन्हीं खबरों के जरिए ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली करने का आरोप है।

पुलिस ने दीपक टंडन को 6 नवंबर को रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर स्थित रजत प्राइम अपार्टमेंट से गिरफ्तार किया। आरोपी एक न्यूज पोर्टल संचालित करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। शुरुआती जांच में इन मोबाइलों से कई आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिलने की बात सामने आई है।

AI से तस्वीरों में छेड़छाड़, फिर खबरों के जरिए दबाव बनाने का आरोप

बिलासपुर पुलिस के मुताबिक, इस पूरे मामले की शुरुआत 29 अक्टूबर को हुई शिकायत से हुई थी। तिफरा के महाराणा प्रताप नगर निवासी मणीशंकर पांडेय ने सिरगिट्टी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी तस्वीरों को AI की मदद से एडिट कर आपत्तिजनक स्वरूप दिया गया और उनके खिलाफ भ्रामक खबरें न्यूज पोर्टल तथा सोशल मीडिया पर प्रसारित की गईं।

ये खबर भी पढ़ें —: सरगुजा ओलंपिक में खिलाड़ियों की ऐसी दुर्दशा! आधी रात तक भूखे-प्यासे सड़क पर इंतजार, विधायक के फोन के बाद जागा प्रशासन

शिकायतकर्ता का आरोप था कि इस तरह उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने के साथ ही उन्हें डराकर और दबाव बनाकर ब्लैकमेल करने की कोशिश की गई।

मामले की जांच के दौरान पुलिस को न्यूज पोर्टल संचालक दीपक टंडन (46) की भूमिका संदिग्ध मिली। इसके बाद उसकी तलाश शुरू की गई। लोकेशन रायपुर में मिलने पर बिलासपुर पुलिस की टीम ने अपार्टमेंट में दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया।

दो मोबाइल फोन जब्त, कई लोगों से जुड़े मामले की जांच

गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी के दोनों मोबाइल फोन जब्त कर लिए हैं। पुलिस का कहना है कि मोबाइल में पोर्टल से संबंधित कई आपत्तिजनक फोटो, वीडियो और ऑडियो क्लिप मिले हैं। आरोपी के खिलाफ पहले भी आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस ब्लैकमेलिंग, जबरन वसूली और डिजिटल सामग्री की जांच कर रही है। इस पूरे नेटवर्क में अन्य लोगों की भूमिका भी खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

क्या है DSP कल्पना वर्मा और दीपक टंडन का पूरा विवाद?

इस गिरफ्तारी के बाद एक बार फिर DSP कल्पना वर्मा और होटल कारोबारी दीपक टंडन के बीच का विवाद चर्चा में आ गया है।

दरअसल, रायपुर के होटल कारोबारी दीपक टंडन ने दंतेवाड़ा में पदस्थ रहीं DSP कल्पना वर्मा पर रिश्वतखोरी, ब्लैकमेलिंग और धोखाधड़ी जैसे गंभीर आरोप लगाए थे। टंडन का दावा था कि DSP ने पहले उन्हें प्रेमजाल में फंसाया और फिर शादी का भरोसा देकर उनसे करोड़ों रुपए, महंगी गाड़ी और कीमती गहने हासिल किए।

वहीं, इन आरोपों पर DSP कल्पना वर्मा ने अलग पक्ष रखा था। टंडन ने सोशल मीडिया से उनकी तस्वीरें निकालकर फर्जी चैट तैयार की हैं। उन्होंने यह भी कहा था कि उनके खिलाफ आरोप इसलिए लगाए जा रहे हैं, क्योंकि टंडन उनके पैसे वापस नहीं कर पा रहा था। कल्पना वर्मा ने इस मामले में कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया आगे बढ़ाने की बात भी कही थी।

अब इस पूरे विवाद में नया घटनाक्रम सामने आया है। DSP पर गंभीर आरोप लगाने वाला दीपक टंडन खुद ब्लैकमेलिंग और जबरन वसूली के आरोपों में पुलिस की गिरफ्त में है।

हालांकि, DSP कल्पना वर्मा पर लगाए गए आरोप और दीपक टंडन के खिलाफ दर्ज मामला अलग-अलग जांच के विषय हैं। पुलिस की जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही इन आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *