छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

पीएम सूर्य घर योजना से हजारों परिवार बने बिजली उत्पादक

रायपुर। केंद्र और राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना अब आम लोगों के लिए ऊर्जा आत्मनिर्भरता की नई राह खोल रही है। इस योजना के जरिए घरों की छतों पर सोलर रूफटॉप सिस्टम लगाकर नागरिक अपनी बिजली खुद तैयार कर रहे हैं और बिजली बिल में बड़ी राहत पा रहे हैं।

महासमुंद जिले में भी इस योजना को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। जिले के अब तक 2548 परिवार इस योजना का लाभ उठा चुके हैं, जबकि 7146 नागरिकों ने आवेदन किया है। इनमें से 6620 लोगों ने सोलर सिस्टम लगाने के लिए वेंडर का चयन भी कर लिया है, जिससे आने वाले समय में लाभार्थियों की संख्या और बढ़ने की उम्मीद है।

योजना के तहत 3 किलोवाट तक के सोलर रूफटॉप सिस्टम पर केंद्र सरकार की ओर से 78 हजार रुपये और राज्य सरकार की ओर से 30 हजार रुपये तक की सब्सिडी दी जा रही है। इससे सोलर पैनल लगवाने का खर्च काफी कम हो गया है और आम परिवार भी आसानी से इस तकनीक को अपना पा रहे हैं।

इमली भाठा निवासी ऊषा साहू बताती हैं कि योजना के तहत सोलर पैनल लगने के बाद बिजली बिल में बड़ी कमी आई है। अब घर में नियमित और सस्ती बिजली मिल रही है, जिससे परिवार की आर्थिक बचत भी बढ़ी है।

वहीं महासमुंद की यामिनी यदु का कहना है कि शासन से मिली सब्सिडी के कारण सोलर सिस्टम लगवाना आसान हो गया। अब घर में दिनभर बिजली उपलब्ध रहती है और अतिरिक्त बिजली ग्रिड में देने से भी फायदा मिलता है।

कुम्हार पारा निवासी गेंद लाल साहू के मुताबिक, सोलर पैनल लगने के बाद उनका बिजली बिल लगभग शून्य हो गया है। वहीं वर्धमान नगर के घनश्याम ध्रुव बताते हैं कि सोलर सिस्टम के बाद बिजली कटौती की समस्या भी काफी हद तक खत्म हो गई है।

इस योजना से लोग अब केवल बिजली उपभोक्ता ही नहीं, बल्कि बिजली उत्पादक और पर्यावरण संरक्षण में भागीदार भी बन रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button