स्वतंत्रता सेनानी परिवार सम्मान समारोह के लिए मुख्यमंत्री को बेमेतरा का न्योता

रायपुर। विधानसभा स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय में छत्तीसगढ़ प्रदेश स्वतंत्रता संग्राम सेनानी उत्तराधिकारी संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से सौजन्य मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने 23 मार्च को बेमेतरा जिले में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार सम्मान समारोह में शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री को औपचारिक निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री ने आमंत्रण के लिए संस्था के पदाधिकारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का योगदान राष्ट्र के इतिहास में अमूल्य है। उन्होंने कहा कि उनके परिवारों का सम्मान करना केवल कृतज्ञता व्यक्त करना नहीं, बल्कि नई पीढ़ी में देशभक्ति, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना जगाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है।
उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे आयोजन समाज में राष्ट्रीय मूल्यों को मजबूत करते हैं और स्वतंत्रता आंदोलन के गौरवशाली इतिहास को आम लोगों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर रजककार विकास बोर्ड के अध्यक्ष प्रहलाद रजक, संस्था के अध्यक्ष डॉ. शिरीष शर्मा, डॉ. शिवेन्द्र त्रिपाठी, ललित मिश्रा, विनायक दीवान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।




