कांकेर में अवैध रेत माफिया पर बड़ा प्रहार: 99 वाहन जब्त, लाखों की वसूली

रायपुर। कांकेर जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए लगातार कार्रवाई तेज कर दी है। टास्क फोर्स की कार्रवाई में चालू वित्तीय वर्ष के दौरान 99 मामलों में 99 वाहनों को जब्त किया गया है और 27 लाख 65 हजार रुपये की वसूली की गई है। प्रशासन के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है और कार्रवाई लगातार जारी है।
जिले में फिलहाल 15 रेत खदानें संचालित हैं, जिनमें चारामा विकासखंड के माहुद, भर्रीटोला, भिलाई, भिरौद, करिहा, हाराडुला, बासनवाही, अरौद और किलेपार के साथ दुर्गकोंदल क्षेत्र के भंडारडिगी, गुदुम और परभरेली शामिल हैं। इन खदानों का संचालन ग्राम पंचायतों और स्व-सहायता समूहों के माध्यम से किया जा रहा है। इसके अलावा 16 अस्थायी रेत भंडारण लाइसेंस भी जारी किए गए हैं।
वित्तीय वर्ष 2025-26 में रेत खनन और परिवहन से 76 लाख 62 हजार 572 रुपये की रॉयल्टी और 1 करोड़ 56 लाख 89 हजार 208 रुपये प्रीमियम के रूप में प्राप्त हुए हैं। वहीं, वर्ष 2019-20 और 2020-21 की 1 करोड़ 36 लाख रुपये की रॉयल्टी राशि ग्राम पंचायतों को वितरण के लिए जिला पंचायत को सौंपी जा रही है।
अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई करते हुए 13 मामलों में अवैध भंडारण पर 9 लाख 81 हजार रुपये और 5 मामलों में अवैध खनन पर 5 मशीनें व 4 वाहन जब्त कर 7 लाख 45 हजार रुपये वसूले गए हैं। हाल ही में मिली शिकायतों पर भी त्वरित कार्रवाई करते हुए 7 वाहन और 5 मशीनें जब्त की गई हैं। प्रशासन का कहना है कि रेत खदानों का संचालन नियमों के तहत सुनिश्चित करते हुए अवैध खनन, परिवहन और भंडारण पर सख्ती लगातार जारी रहेगी।




