महंगाई के मुद्दे पर भाजपा का पलटवार! 17 दिन तक घर-घर पहुंचेगी मोदी सरकार की उपलब्धियों की कहानी

पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई को लेकर विपक्ष के लगातार हमलों के बीच भाजपा ने अब जनता के बीच जाकर जवाब देने की रणनीति तैयार कर ली है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने के अवसर पर पार्टी 5 जून से 21 जून तक प्रदेशव्यापी जनसंपर्क अभियान चलाएगी।
इस अभियान के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा समेत प्रदेश सरकार के सभी मंत्री विभिन्न जिलों का दौरा करेंगे और मीडिया व आम जनता से संवाद करेंगे। वहीं सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी गांव, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचकर केंद्र सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
राजनीतिक गलियारों में इस अभियान को महंगाई और ईंधन कीमतों को लेकर बन रहे विपक्षी नैरेटिव के जवाब के रूप में देखा जा रहा है। भाजपा का मानना है कि केंद्र सरकार की कई जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ करोड़ों लोगों तक पहुंचा है, लेकिन इन उपलब्धियों की जानकारी आम लोगों तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंच पाई है।
अभियान के दौरान प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण अन्न योजना जैसी योजनाओं को प्रमुखता से प्रचारित किया जाएगा। पार्टी कार्यकर्ता लाभार्थियों से सीधे संपर्क कर योजनाओं के सकारात्मक प्रभाव को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास करेंगे।
इसके साथ ही भाजपा का संगठनात्मक प्रशिक्षण अभियान भी जारी रहेगा। अधिकांश जिलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम पूरे हो चुके हैं, जबकि शेष जिलों में जून के पहले सप्ताह तक सत्र आयोजित किए जाएंगे।
पार्टी द्वारा तैयार किए गए रोडमैप के अनुसार 5 से 21 जून तक जनसंपर्क अभियान, जनकल्याण शिविर, पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम, प्रदर्शनी, सम्मेलन और संवाद कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान का समापन 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के विशेष आयोजनों के साथ किया जाएगा।




