रायपुर: पथ विक्रेताओं (स्ट्रीट वेंडर्स) को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ ही उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा को मजबूत करने की छत्तीसगढ़ की पहल को राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी सराहना मिली है। प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए छत्तीसगढ़ को विभिन्न श्रेणियों में कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। राज्य में मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना और पीएम स्वनिधि योजना के समन्वय से शुरू किए गए ‘आरोग्य से आत्मनिर्भरता’ नवाचार को ‘इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेस’ श्रेणी में देशभर में द्वितीय पुरस्कार मिला है।
नई दिल्ली में उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ग्रहण किया पुरस्कार नई दिल्ली स्थित डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में भारत सरकार के आवासन और शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा आयोजित ‘स्वनिधि सम्मान पुरस्कार-2026’ समारोह में छत्तीसगढ़ को यह सम्मान प्रदान किया गया। केंद्रीय आवासन और शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और राज्य मंत्री तोखन साहू की उपस्थिति में उप मुख्यमंत्री तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव, प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक नीलेश महादेव क्षीरसागर तथा राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के उप सीईओ सुनील अग्रहरि ने राज्य की ओर से पुरस्कार ग्रहण किया।
हेल्थ-कम-लोन कैंप से ऋण आवेदनों में तीन गुना बढ़ोतरी राज्य शहरी विकास अभिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुमीत अग्रवाल ने बताया कि कई पथ विक्रेता सामान्य ऋण शिविरों को केवल दस्तावेजी प्रक्रिया मानते थे, जिससे उनकी भागीदारी कम रहती थी। इस चुनौती से निपटने के लिए राज्य में मोबाइल मेडिकल यूनिट (MMU) को पीएम स्वनिधि शिविरों से जोड़कर ‘हेल्थ-कम-लोन कैंप’ आयोजित किए गए।
श्रीमद् भागवत कथा से मिलता है भक्ति, सदाचार और लोककल्याण का संदेश: पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल
इस अनूठी पहल के प्रमुख परिणाम निम्नलिखित हैं:
- एक ही छत के नीचे सुविधाएं: शिविरों में पथ विक्रेताओं और उनके परिवारों को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण, 41 प्रकार की लैब जांच और 170 प्रकार की जेनेरिक दवाइयों के साथ-साथ ऋण आवेदन भरने की सुविधा दी गई।
- आवेदनों में उछाल: पहले जहां एक शिविर में 50-60 विक्रेता आते थे, वहीं एमएमयू जुड़ने से यह संख्या बढ़कर 120 से 150 तक पहुंच गई। प्रति शिविर ऋण आवेदन भी 20-25 से बढ़कर 60-70 हो गए, जो लगभग तीन गुना वृद्धि है।
- 92.93 करोड़ रुपए का ऋण वितरण: सितम्बर-2025 से अक्टूबर-2026 के बीच आयोजित 31,056 एमएमयू शिविरों के माध्यम से 66,959 पात्र आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 46,081 पथ विक्रेताओं को कुल 92 करोड़ 93 लाख रुपए का ऋण वितरित किया गया।
- महिला भागीदारी और बचत: इस योजना से महिला पथ विक्रेताओं की भागीदारी 45 प्रतिशत से बढ़कर 68 प्रतिशत हो गई है। निःशुल्क इलाज और दवाइयों से प्रत्येक परिवार को सालाना अनुमानित 5,000 से 7,000 रुपए की आर्थिक बचत हो रही है।
172 नगरीय निकायों में सेवाएं दे रही हैं 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट मुख्यमंत्री स्लम स्वास्थ्य योजना के तहत प्रदेश के 172 नगरीय निकायों में 150 मोबाइल मेडिकल यूनिट संचालित हैं। नवम्बर-2020 से अक्टूबर-2026 तक इन यूनिट्स के माध्यम से 2,03,130 स्वास्थ्य शिविर लगाए गए हैं, जिनमें 1.41 करोड़ मरीजों का उपचार, 37.37 लाख लैब टेस्ट और 1.24 करोड़ दवाइयों का वितरण किया जा चुका है।











Leave a Reply