स्मार्ट मीटरिंग में छत्तीसगढ़ की बड़ी छलांग! देशभर में चौथे स्थान पर पहुंची बिजली वितरण कंपनी, 57 लाख घरों में लगे स्मार्ट मीटर

chhattisgarh-smart-metering-fourth-rank-india-57-lakh-smart-meters-installed
आर्टिकल अच्छा लगे तो शेयर करें

रायपुर। बिजली उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने के मामले में छत्तीसगढ़ ने तेजी से प्रगति की है। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (CSPDCL) ने स्मार्ट मीटरिंग के क्षेत्र में देशभर में चौथा स्थान हासिल किया है। कंपनी के मुताबिक, प्रदेश में अब तक करीब 57 लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम पूरा किया जा चुका है। राज्य में उपभोक्ता स्मार्ट मीटरिंग का काम लगभग 80 प्रतिशत तक पहुंच गया है। कंपनी ने मार्च 2027 तक सभी श्रेणियों में स्मार्ट मीटर लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया है।

इस प्रगति और स्मार्ट मीटरिंग से जुड़ी चुनौतियों की समीक्षा के लिए सीएसपीडीसीएल की मेजबानी में ऑल इंडिया डिस्कॉम एसोसिएशन (AIDA) के सदस्यों का दो दिवसीय फील्ड विजिट आयोजित किया गया। इस दौरान एआईडीए के डायरेक्टर जनरल आलोक कुमार (सेवानिवृत्त आईएएस) ने स्मार्ट मीटरिंग की वर्तमान स्थिति, अब तक हुई प्रगति और तकनीकी एवं व्यावहारिक चुनौतियों को लेकर बैठक की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने की। उन्होंने बताया कि कंपनी ने स्मार्ट मीटरिंग के विभिन्न चरणों में उल्लेखनीय प्रगति की है और फीडर मीटरिंग का 100 प्रतिशत लक्ष्य हासिल कर लिया गया है।

छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल की बड़ी कार्रवाई: निर्माण कार्यों में लापरवाही पर दो ठेकेदार एजेंसियां ब्लैकलिस्ट

57 लाख घरों में स्मार्ट मीटर, सरकारी कार्यालयों में 90 प्रतिशत काम पूरा

प्रबंध निदेशक भीमसिंह कंवर ने बताया कि छत्तीसगढ़ में लगभग 66 लाख उपभोक्ताओं के लक्ष्य के मुकाबले करीब 57 लाख उपभोक्ताओं के घरों में स्मार्ट मीटर लगाने का काम पूरा हो चुका है। इस तरह उपभोक्ता मीटरिंग का कार्य लगभग 80 प्रतिशत तक पहुंच गया है।

सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लगाने के लिए 1.73 लाख मीटर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था, जिसके मुकाबले 1.56 लाख मीटर लगाए जा चुके हैं। यह लगभग 90 प्रतिशत प्रगति है। इनमें से 52 प्रतिशत मीटर प्रीपेड मोड में संचालित हो रहे हैं।

वहीं, कमर्शियल उपभोक्ताओं के लिए निर्धारित लक्ष्य के मुकाबले 76 प्रतिशत मीटरिंग का काम पूरा किया जा चुका है। वितरण ट्रांसफार्मर मीटरिंग में शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को मिलाकर 64 प्रतिशत प्रगति दर्ज की गई है।

औद्योगिक उपभोक्ताओं में 58 प्रतिशत स्मार्ट मीटरिंग

औद्योगिक उपभोक्ताओं के लिए भी स्मार्ट मीटर लगाने का काम जारी है। कंपनी के आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश में कुल 39,802 औद्योगिक उपभोक्ताओं के लक्ष्य के मुकाबले अब तक 23,136 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इस तरह औद्योगिक क्षेत्र में स्मार्ट मीटरिंग का काम लगभग 58 प्रतिशत पूरा हुआ है।

कंपनी का कहना है कि अलग-अलग श्रेणियों में स्मार्ट मीटरिंग का विस्तार होने से बिजली वितरण व्यवस्था की निगरानी अधिक प्रभावी होगी। इससे बिजली खपत, आपूर्ति और वितरण से संबंधित आंकड़ों का बेहतर प्रबंधन किया जा सकेगा।

मार्च-अप्रैल 2027 तक बचा हुआ काम पूरा करने का लक्ष्य

सीएसपीडीसीएल के प्रबंध निदेशक ने बताया कि स्मार्ट मीटरिंग के शेष कार्यों को पूरा करने के लिए संबंधित एजेंसियों को समयसीमा दी गई है। एएमआईएसपी के तहत मेसर्स टाटा पावर, मेसर्स जीनस पावर और मेसर्स हाईप्रिंट को मार्च एवं अप्रैल 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।

वहीं, कंपनी का व्यापक लक्ष्य मार्च 2027 तक सभी श्रेणियों में स्मार्ट मीटरिंग का कार्य पूरा करना है। इसके लिए विभिन्न स्तरों पर प्रगति की समीक्षा की जा रही है।

छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर उभरा चंदलीडीह: ‘रामनामी इको टूरिज्म’ का शुभारंभ, पहले ही दिन पहुंचे विदेशी पर्यटक

बिजली चोरी रोकने और रियल टाइम मॉनिटरिंग में मिलेगी मदद

कार्यपालक निदेशक (ओ एंड एम) एस.आर.बी. खंडेलवाल ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से स्मार्ट मीटरिंग की तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि सीएसपीडीसीएल के अंतर्गत वर्तमान में लगभग 67 लाख उपभोक्ता हैं और इनकी वार्षिक निविष्ट ऊर्जा 39,709 मिलियन यूनिट (एमयू) है।

उन्होंने कहा कि स्मार्ट मीटरिंग लागू करने के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। इनमें नई तकनीक को अपनाना, स्मार्ट मीटर योजना को लेकर उपभोक्ताओं के बीच फैली भ्रांतियां और मीटर रीडरों की रोजगार सुरक्षा को लेकर चिंताएं प्रमुख थीं। कंपनी के अनुसार, इन चुनौतियों से निपटने के लिए प्रयास किए गए और कम समय में काफी हद तक समस्याओं पर नियंत्रण पाया गया।

स्मार्ट मीटर के माध्यम से बिजली चोरी में कमी लाने, बिजली खपत की रियल टाइम मॉनिटरिंग करने और उपभोक्ताओं को प्रीपेड मीटर की सुविधा देने में मदद मिलेगी। इसके अलावा फीडर स्तर पर 100 प्रतिशत मीटरिंग से एटी एंड सी (AT&C) लॉस को कम करने में भी सहायता मिलने की उम्मीद है।

मोर बिजली और प्रकाश एप के फीचर्स ने खींचा ध्यान

दो दिवसीय फील्ड विजिट के दौरान छत्तीसगढ़ बिजली वितरण कंपनी के डिजिटल प्लेटफॉर्म और मोबाइल एप्लिकेशन की जानकारी भी साझा की गई। इस दौरान ‘मोर बिजली एप’ और ‘प्रकाश एप’ के विभिन्न फीचर्स प्रतिनिधियों के बीच चर्चा का विषय रहे।

ईआईटीसी के मनोज बजाज ने दोनों एप्लिकेशन की कार्यप्रणाली और उपयोगी सुविधाओं की जानकारी दी। उपस्थित प्रतिनिधियों ने इन डिजिटल सुविधाओं की सराहना की। इन एप के माध्यम से बिजली उपभोक्ताओं को सेवाओं और बिजली से संबंधित जानकारी डिजिटल रूप में उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जा रहा है।

एआईडीए के प्रतिनिधियों ने समझी छत्तीसगढ़ की स्मार्ट मीटरिंग व्यवस्था

इस फील्ड विजिट का उद्देश्य छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटरिंग के कार्यान्वयन, तकनीकी व्यवस्थाओं, उपलब्धियों और चुनौतियों को समझना था। एआईडीए के प्रतिनिधियों ने बिजली वितरण कंपनी के अधिकारियों से विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की।

कार्यक्रम में कार्यपालक निदेशक वी.के. साय, ए.एम. परियल, एम. जामुलकर, मुख्य अभियंता संजीव सिंह, एके लखेरा सहित सीएसपीडीसीएल और सीएसपीटीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन उपमहाप्रबंधक (जनसंपर्क) गोविंद सिंह पटेल ने किया।

छत्तीसगढ़ में स्मार्ट मीटरिंग का तेजी से विस्तार बिजली वितरण व्यवस्था के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण बदलाव है। हालांकि, आने वाले महीनों में शेष उपभोक्ताओं तक स्मार्ट मीटर पहुंचाना और उपभोक्ताओं को इसकी कार्यप्रणाली के प्रति जागरूक करना कंपनी के सामने प्रमुख चुनौती होगी। मार्च 2027 की निर्धारित समयसीमा तक सभी श्रेणियों में लक्ष्य हासिल कर पाना इस परियोजना की अगली बड़ी परीक्षा होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *