देश की ताज़ा खबरें | Fourth Eye News

पुतिन के घर पर ड्रोन तूफान! 91 हमलों से मचा हड़कंप, ट्रंप की शांति अपील भी बेअसर

रूस-यूक्रेन युद्ध ने अब बेहद खतरनाक मोड़ ले लिया है। 28-29 दिसंबर की आधी रात रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के नोवगोरोद स्थित सरकारी आवास को 91 ड्रोन से निशाना बनाने की कोशिश की गई। रूस का दावा है कि उसकी एयर डिफेंस ने सभी ड्रोन हवा में ही मार गिराए, लेकिन इस घटना ने क्रेमलिन की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

मॉस्को ने इस हमले को सीधे-सीधे राष्ट्रपति पुतिन की हत्या की साजिश बताया है। वहीं यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे रूस का “झूठा प्रचार” करार दिया है।

इस घटनाक्रम के बाद अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पुतिन से फोन पर बात कर हालात को शांत करने की कोशिश की। ट्रंप ने युद्ध न भड़काने और संयम बरतने की सलाह दी, लेकिन पुतिन गुस्से में दिखे। सूत्रों के मुताबिक पुतिन ने साफ कहा कि जब उनके घर पर हमला हो, तब शांति की बातें बेमानी हैं और अब कीव को इसकी भारी कीमत चुकानी होगी।

ड्रोन हमले से ट्रंप भी नाराज बताए जा रहे हैं। पुतिन के सहयोगी यूरी उशाकोव के अनुसार, ट्रंप ने इस घटना को “पागलपन भरा कदम” कहा और संकेत दिए कि इसका असर अमेरिका की यूक्रेन नीति पर पड़ेगा। उन्होंने जेलेंस्की के साथ काम करने के तरीकों पर पुनर्विचार की बात भी कही और यह तक कहा कि शुक्र है यूक्रेन को टोमहॉक मिसाइलें नहीं दी गईं।

इधर रूस के विदेश मंत्रालय ने चेतावनी दी है कि अब बातचीत और संघर्ष विराम की नीति पर नए सिरे से विचार होगा। पुतिन के आवास पर हमला रूस के लिए रेड लाइन है। माना जा रहा है कि रूसी सेना अब कीव के अहम सरकारी ठिकानों पर बड़े मिसाइल हमले की तैयारी कर रही है। अगर ऐसा हुआ, तो यह युद्ध क्षेत्रीय नहीं बल्कि वैश्विक संकट का रूप ले सकता है। पूरी दुनिया की नजरें अब क्रेमलिन के अगले कदम पर टिकी हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button