कवर्धा में 26 जनवरी को भव्य गणतंत्र दिवस समारोह, ध्वजारोहण से लेकर सांस्कृतिक कार्यक्रम तक तैयारी पूरी

कबीरधाम जिले के मुख्यालय कवर्धा में गणतंत्र दिवस का जिला स्तरीय मुख्य समारोह इस वर्ष आचार्य पंथ गृंध मुनि नाम साहब शासकीय स्नातकोत्तर कॉलेज परिसर में आयोजित किया जाएगा। आयोजन 26 जनवरी 2026 को सुबह 9 बजे से शुरू होगा, जिसमें वाणिज्य, उद्योग एवं श्रम मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
समारोह की शुरुआत ध्वजारोहण और सलामी के साथ होगी। इसके बाद परेड का निरीक्षण किया जाएगा और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जाएगा। कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों का सम्मान किया जाएगा, वहीं उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारी और कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।
गणतंत्र दिवस के इस खास अवसर पर स्कूली बच्चों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जो देशभक्ति के रंग बिखेरेंगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा आकर्षक झांकियां प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की झलक देखने को मिलेगी। आयोजन को लेकर जिला प्रशासन की तैयारियां अंतिम चरण में हैं।




