कोरबा को मिली नई पहचान: ‘बुल एंड मेटाडोर’, धर्मचक्र और थॉट कॉर्नर से निखरा शहर का सौंदर्य

कोरबा शहर के सौंदर्यीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नगर निगम ने विभिन्न चौक-चौराहों पर थीम आधारित आकर्षक संरचनाओं और प्रतीकों का लोकार्पण किया। न्यू अग्रवाल चौक में स्थापित ‘द बुल एंड द मेटाडोर’, आईटीआई चौक के पास विकसित ‘थॉट कॉर्नर एवं सेल्फी प्वाइंट’ तथा कोसाबाड़ी चौक में स्थापित ‘धर्मचक्र’ अब शहर की नई पहचान बनेंगे।
उद्योग, सार्वजनिक उपक्रम, आबकारी एवं श्रम मंत्री लखनलाल देवांगन ने इन परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इस दौरान निगम अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की उपस्थिति रही।
नगर निगम द्वारा किए जा रहे थीम आधारित सौंदर्यीकरण कार्यों के तहत न्यू अग्रवाल चौक में लगभग डेढ़ टन वजनी ‘द बुल एंड द मेटाडोर’ प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। विशेष बात यह है कि इन्हें अनुपयोगी ऑटोमोबाइल पार्ट्स और अन्य लौह कबाड़ से तैयार किया गया है, जो ‘वेस्ट टू वंडर’ अवधारणा का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। यह कलाकृति शक्ति और उस पर नियंत्रण के प्रतीक के रूप में प्रस्तुत की गई है।
वहीं, आईटीआई चौक के पास निगम मुख्यालय के समीप ‘थॉट कॉर्नर’ विकसित किया गया है, जहां गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स प्रमाणपत्र की प्रतिकृति के साथ सेल्फी प्वाइंट और प्रेरणादायक विचारों के लिए विशेष स्थान बनाया गया है। कोसाबाड़ी चौक में भगवान बुद्ध के सिद्धांतों के प्रतीक धर्मचक्र की स्थापना कर क्षेत्र को आकर्षक स्वरूप दिया गया है।
इस अवसर पर मंत्री लखनलाल देवांगन ने शहर सौंदर्यीकरण के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि कबाड़ सामग्री से तैयार की गई कलाकृतियां रचनात्मकता और नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण हैं। उन्होंने नगर निगम की टीम और कलाकारों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे कार्य शहर की पहचान को नई ऊंचाई देते हैं।
ईवी चार्जिंग स्टेशन की शुरुआत
कार्यक्रम के दौरान मल्टीलेवल पार्किंग परिसर के पास स्थापित नए ईवी चार्जिंग स्टेशन का भी लोकार्पण किया गया। शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए यह सुविधा विकसित की गई है। इससे पहले स्मृति उद्यान के समीप संचालित चार्जिंग स्टेशन को नागरिकों का अच्छा प्रतिसाद मिला था। नई सुविधा शुरू होने से इलेक्ट्रिक वाहन चालकों को और अधिक सुविधा मिलेगी।


