8 साल का इंतजार खत्म: कवर्धा में शुरू हुआ हाईटेक बस स्टैंड, यात्रियों को मिली आधुनिक सुविधाओं की सौगात

कवर्धा शहर को लंबे इंतजार के बाद आधुनिक हाईटेक बस स्टैंड की सौगात मिल गई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने पूजा-अर्चना के साथ नए बस स्टैंड से बस संचालन का शुभारंभ किया। इसके साथ ही करीब आठ वर्षों से लंबित परियोजना धरातल पर उतर गई और शहर के विकास को नई दिशा मिली।
इस अवसर पर विजय शर्मा ने कहा कि जनता के सहयोग और विकास की साझा सोच के चलते यह महत्वपूर्ण परियोजना साकार हो पाई है। उन्होंने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की परिकल्पना के तहत तैयार किए गए इस बस स्टैंड का संचालन शुरू होना कवर्धा के विकास की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने इसे शहर के लिए “स्वर्णिम दिन” बताया।
नए बस स्टैंड तक आवागमन को आसान बनाने के लिए घोठिया रोड का चौड़ीकरण और निर्माण कराया गया है। इसके चलते बसों के संचालन में आने वाली बाधाएं दूर हुईं और हाईटेक बस स्टैंड को शुरू करना संभव हो सका। पुराने बस स्टैंड के खाली होने के बाद उस स्थान का उपयोग महिलाओं की सुविधाओं और अन्य जनहित कार्यों के लिए किए जाने की योजना भी बनाई जा रही है।
लगभग 10 करोड़ रुपये की लागत से बने इस आधुनिक बस स्टैंड में यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। परिसर में सीसीटीवी कैमरे, पुलिस सहायता केंद्र, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल सुविधा, ऑटो स्टैंड और पार्किंग की व्यवस्था की गई है। यात्रियों की सुरक्षा के लिए पुलिस सहायता केंद्र में 24 घंटे जवान तैनात रहेंगे।
यातायात विभाग, परिवहन विभाग, नगर पालिका, बस ऑपरेटरों और ऑटो संचालकों के साथ समन्वय कर बसों और ऑटो का रूट तय किया गया है। विद्यार्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ऑटो संचालकों ने पहचान पत्र दिखाने वाले छात्र-छात्राओं को प्राथमिकता देने और न्यूनतम किराए पर सेवा देने का आश्वासन दिया है। स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों को सुबह 9 बजे तक पुराने बस स्टैंड तक पहुंचाने की व्यवस्था भी की गई है।




