Farmers' confidence in paddy procurement is strong, happiness increased due to support price and additional incentives.

धान खरीदी में किसानों का भरोसा मजबूत, समर्थन मूल्य और अतिरिक्त प्रोत्साहन से बढ़ी खुशी

रायपुर। प्रदेश में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी तेज रफ्तार के साथ जारी है। सुव्यवस्थित व्यवस्था और किसान हितैषी फैसलों के कारण धान उपार्जन केंद्रों में इस बार गहमागहमी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा है।

बलरामपुर जिले के बड़कीमहरी केंद्र में किसानों ने समर्थन मूल्य के साथ अतिरिक्त प्रोत्साहन राशि मिलने पर खुशी जताई और इसे अपने लिए बड़ा सहारा बताया।

शासन ने इस वर्ष धान 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदने का निर्णय लिया है, जिसमें समर्थन मूल्य और कृषक उन्नति योजना शामिल है। इसके साथ प्रति एकड़ 21 क्विंटल की सीमा तय की गई है।

ग्राम नवाडीहकला के किसान बरथोलोमी एक्का 10 एकड़ में खेती करते हैं और इस वर्ष अच्छी पैदावार होने से बेहद खुश हैं। उन्होंने बताया कि वे 295 क्विंटल धान बेच रहे हैं, और 28 क्विंटल का टोकन उन्होंने मोबाइल ऐप के जरिए प्राप्त किया था।

एक्का ने बताया कि उपार्जन केंद्र में सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हैं, जिससे तौल और भुगतान प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है। पिछले दो वर्षों में बेहतर मूल्य मिलने के कारण उन्होंने सिंचाई व्यवस्था को मजबूत किया है, जिससे अब पैदावार और स्थिर आय दोनों बढ़ी है।

उन्होंने किसानों को मजबूत बनाने वाली योजनाओं के लिए सरकार और प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

प्रदेशभर में धान खरीदी अबाध रूप से जारी है और प्रशासन पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखते हुए किसानों के लिए व्यवस्था को बेहतर बनाने में जुटा है।

Leave a Reply