घायल जवानों से अस्पताल पहुंचे वन मंत्री, इलाज का लिया जायजा

वन मंत्री केदार कश्यप ने जगदलपुर के डिमरापाल स्थित कॉन्टिनेंटल अस्पताल पहुंचकर सड़क दुर्घटना में घायल जवानों से मुलाकात की। उन्होंने जवानों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और उनके परिजनों से चर्चा कर हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया।
मंत्री ने अस्पताल के चिकित्सकों से घायल जवानों की स्थिति और उपचार की प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने स्वर्गीय बलिराम कश्यप मेमोरियल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अनुरूप साहू और कॉन्टिनेंटल अस्पताल के एजीएम डॉ. संतोष कुमार सिंह से चर्चा कर जवानों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
सभी घायल जवानों का इलाज जारी
जवानों से मुलाकात के बाद केदार कश्यप ने बताया कि सभी घायल जवानों का उपचार जारी है। उन्होंने चिकित्सकों से इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रखने और जवानों के जल्द स्वस्थ होने के लिए जरूरी चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा।
दुर्घटना के बाद तत्काल कराया गया उपचार
23 अगस्त को वन मंत्री केदार कश्यप ग्राम फरसागुड़ा, भानपुरी से कोंडागांव में आयोजित कार्यक्रम के लिए रवाना हुए थे। इसी दौरान भानपुरी थाना क्षेत्र में कोंडागांव की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो पायलट वाहन को पार करते समय मंत्री के वाहन के मिरर से टकरा गई। इसके बाद स्कॉर्पियो स्पेयर वाहन और फिर फॉलो वाहन से जा भिड़ी।
हादसे में फॉलो वाहन में सवार चालक और पुलिस जवान घायल हो गए। घटना के तुरंत बाद मंत्री ने घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था कराई। गंभीर रूप से घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए जगदलपुर रेफर किया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
जवानों और परिजनों को दिया भरोसा
अस्पताल पहुंचकर घायल जवानों से मुलाकात करने और उनके उपचार की जानकारी लेने को मंत्री की संवेदनशील पहल के तौर पर देखा जा रहा है। केदार कश्यप ने जवानों और उनके परिजनों को भरोसा दिलाया कि इलाज में किसी भी तरह की जरूरत पड़ने पर शासन स्तर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
ये खबर भी पढ़ें—:




