देश की ताज़ा खबरें | Fourth Eye News

पूजा-पाठ से पदभार तक: नितिन नबीन का बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष बनना तय

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद की औपचारिक घोषणा से पहले नितिन नबीन ने आध्यात्मिक मार्ग अपनाते हुए दिन की शुरुआत विभिन्न धार्मिक स्थलों में पूजा-अर्चना के साथ की। इस दौरान उनके साथ दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश साहिब सिंह, सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा और भाजपा के राष्ट्रीय सह मीडिया प्रमुख संजय मयू भी मौजूद रहे।

दरअसल, राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए सोमवार को नामांकन प्रक्रिया पूरी हुई थी। जांच के बाद निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट कर दिया कि नितिन नबीन के अलावा किसी अन्य नेता ने इस पद के लिए नामांकन दाखिल नहीं किया है। ऐसे में आज उन्हें निर्विरोध राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने की औपचारिक घोषणा की जाएगी। घोषणा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

चार बार की जीत के बाद निर्विरोध ताज

बीजेपी के वरिष्ठ नेता और बिहार विधानसभा के चार बार विधायक रहे नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा के पुत्र नितिन नबीन ने वर्ष 2006 में पिता के निधन के बाद राजनीति में कदम रखा था। पटना पश्चिम उपचुनाव से जीत का सफर शुरू कर उन्होंने बांकीपुर सीट से 2010, 2015, 2020 और 2025 में लगातार चार चुनाव जीतकर अपनी मजबूत राजनीतिक पहचान बनाई।

चुनाव के रिटर्निंग ऑफिसर के. लक्ष्मण ने नबीन के समर्थन में दाखिल 37 सेट नामांकन पत्रों को वैध घोषित किया। इनमें 36 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के साथ एक संसदीय पार्टी का समर्थन शामिल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और निवर्तमान अध्यक्ष जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने उनके नामांकन का समर्थन किया।

सुरक्षा व्यवस्था हुई और मजबूत

राष्ट्रीय अध्यक्ष पद का रास्ता साफ होते ही नितिन नबीन की सुरक्षा भी बढ़ा दी गई है। गृह मंत्रालय ने उन्हें Z कैटेगरी सुरक्षा प्रदान की है। अब 24 घंटे CRPF के कमांडो उनकी सुरक्षा में तैनात रहेंगे, साथ ही एस्कॉर्ट वाहन, निजी सुरक्षा अधिकारी (PSO) और ड्राइवर की सुविधा भी दी गई है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button