छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

राज्यपाल रमेन डेका की अपील: पेड़ों को दें नई जिंदगी, जल संरक्षण और जनसेवा में आगे आएं सामाजिक संगठन

रायपुर। राज्यपाल रमेन डेका से रोटरी क्लब ग्रेटर रायपुर के सदस्यों ने लोक भवन में सौजन्य मुलाकात कर विभिन्न सामाजिक और जनकल्याण से जुड़े विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इस दौरान राज्यपाल ने रोटरी क्लब की सेवा भावना और समाज के प्रति उसके योगदान की सराहना की।

बैठक में राज्यपाल ने पर्यावरण संरक्षण को वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत बताते हुए रायपुर शहर में पेड़ों के चारों ओर बनाए गए कंक्रीट और टाइल्स के घेरों पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि इन घेरों के कारण पेड़ों की जड़ों तक पर्याप्त पानी और हवा नहीं पहुंच पाती, इसलिए इन्हें हटाकर पेड़ों को पुनर्जीवित करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

उन्होंने जल संरक्षण को लेकर भी चेतावनी देते हुए कहा कि यदि अभी से जल स्रोतों के संरक्षण और संवर्धन की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में छत्तीसगढ़ को गंभीर जल संकट का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने रोटरी क्लब से इस अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

राज्यपाल ने महिलाओं में बढ़ते ब्रेस्ट कैंसर के प्रति जागरूकता फैलाने, विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास तथा उनकी संस्कृति के संरक्षण में भी सामाजिक संगठनों की महत्वपूर्ण भूमिका बताई। उन्होंने रोटेरियंस से जनजातीय बहुल गांवों को गोद लेकर शिक्षा, स्वास्थ्य, आजीविका और सामाजिक विकास के क्षेत्र में कार्य करने की अपील की।

उन्होंने कहा कि सेवा कार्य केवल संगठन के स्तर तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को व्यक्तिगत रूप से भी समाज को कुछ देने की भावना के साथ आगे आना चाहिए। इसके साथ ही समाज में बिना किसी प्रचार के अच्छा कार्य करने वाले अनसंग हीरो और हीरोइन को पहचान कर सम्मानित करने की जरूरत पर भी जोर दिया।

बैठक में रोटरी क्लब ग्रेटर रायपुर के अध्यक्ष रितेश जिंदल ने राज्यपाल का स्वागत किया और क्लब की ओर से स्मृति चिन्ह भेंट किया। इस अवसर पर राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, क्लब के सचिव प्रकाश अग्रवाल सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button