शौर्य चक्र विजेता वीर जवानों से मिले गृह मंत्री विजय शर्मा, कहा- आपका साहस देश की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा

नवा रायपुर अटल नगर स्थित निवास कार्यालय में उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने शौर्य चक्र से सम्मानित पुलिस और सुरक्षा बल के वीर जवानों से आत्मीय मुलाकात कर उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दीं। इस दौरान डीजीपी अरुण देव गौतम सहित जवानों के परिवारजन भी मौजूद रहे।
गृह मंत्री विजय शर्मा ने कहा कि छत्तीसगढ़ और देश को ऐसे वीर सपूतों पर गर्व है, जिन्होंने विषम परिस्थितियों में अदम्य साहस, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्रभक्ति का परिचय दिया। उन्होंने कहा कि इन जवानों की वीरता आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी।
इस अवसर पर शौर्य चक्र से सम्मानित इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट, इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख और राइफलमैन भोज राम साहू के साहसिक कार्यों की सराहना की गई। गृह मंत्री ने उनके परिजनों से भी मुलाकात करते हुए कहा कि देश सेवा में जवानों के साथ-साथ उनके परिवारों का त्याग, धैर्य और समर्थन भी बेहद महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
बता दें कि इंस्पेक्टर लक्ष्मण केवट और इंस्पेक्टर रामेश्वर प्रसाद देशमुख को कांकेर क्षेत्र में 16 अप्रैल 2024 को नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए बड़े अभियान में उत्कृष्ट नेतृत्व, साहस और रणनीतिक क्षमता के लिए शौर्य चक्र से सम्मानित किया गया है। उनके नेतृत्व में सुरक्षा बलों ने चुनौतीपूर्ण हालात में नक्सलियों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की थी।
वहीं 3 असम राइफल्स के राइफलमैन भोज राम साहू को भारत-म्यांमार सीमा पर घुसपैठ विरोधी अभियान के दौरान गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद बहादुरी से मोर्चा संभालने और अभियान को सफल बनाने में अहम योगदान के लिए शौर्य चक्र प्रदान किया गया।
विजय शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा बलों के जवानों के सम्मान, उनके कल्याण और परिवारों की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी सम्मानित जवानों और उनके परिवारों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके साहस और बलिदान को राष्ट्र सेवा का सर्वोच्च उदाहरण बताया।




