436 रुपये के बीमा ने बदली हजारों परिवारों की जिंदगी, डिप्टी सीएम अरुण साव ने बांटे 2-2 लाख के चेक

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने मंगलवार को नवा रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में भारतीय स्टेट बैंक के प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना के जन-जागरूकता अभियान के पोस्टर का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने योजना के तहत बीमा क्लेम प्राप्त करने वाले प्रदेश के छह हितग्राहियों को 2-2 लाख रुपये के चेक सौंपे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए अरुण साव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में शुरू की गई प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना आम लोगों के लिए आर्थिक सुरक्षा का मजबूत आधार बनकर उभरी है। उन्होंने बताया कि मात्र 436 रुपये के वार्षिक प्रीमियम पर मिलने वाला यह बीमा कठिन समय में परिवारों को आर्थिक संबल और भविष्य के प्रति भरोसा देता है।
उन्होंने जानकारी दी कि छत्तीसगढ़ में पिछले तीन वर्षों के दौरान इस योजना के तहत 12 हजार हितग्राहियों को कुल 240 करोड़ रुपये की बीमा राशि वितरित की जा चुकी है। कार्यक्रम में एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस के एमडी एवं सीईओ अमित झिंगरन, बिजनेस स्ट्रेटजी प्रेसीडेंट संतोष चाको, वेस्ट जोन के जोनल डायरेक्टर राजीव श्रीवास्तव तथा भोपाल रीजन के रीजनल डायरेक्टर अमित कुमार साहा भी उपस्थित रहे।




