कवर्धा में गोविंदा उत्सव की धूम! उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने ग्वाला भाइयों का किया स्वागत, जय कन्हैयालाल के जयघोष से गूंजा शहर

कवर्धा में कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर गांधी मैदान और भारत माता चौक में आयोजित दही हांडी उत्सव में उपमुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक विजय शर्मा शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने भगवान कृष्ण और राधा रानी की पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।
उत्सव के दौरान विजय शर्मा ने परंपरा के अनुसार ग्वाला भाइयों का तिलक लगाकर स्वागत किया और उन्हें दही हांडी उत्सव में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। यादव समाज के प्रतिनिधियों ने पारंपरिक खुमरी पहनाकर उनका आत्मीय स्वागत किया।
कार्यक्रम में विजय शर्मा ने शहरवासियों और प्रदेशवासियों को कृष्ण जन्माष्टमी की शुभकामनाएं देते हुए सभी के साथ “हाथी-घोड़ा-पालकी, जय कन्हैयालाल की” का जयघोष किया। जयघोष के साथ पूरा आयोजन स्थल कृष्ण भक्ति के रंग में रंग गया।
उन्होंने कहा कि गोविंदा उत्सव कवर्धा की गौरवशाली परंपरा है, जो समाज में एकता, भाईचारे और सहयोग की भावना को मजबूत करती है। भगवान कृष्ण का जीवन धर्म, कर्म और कर्तव्य के प्रति प्रेरित करता है। उन्होंने युवाओं से भगवान कृष्ण के आदर्शों को जीवन में अपनाकर समाज सेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
दही हांडी उत्सव में जिला पंचायत अध्यक्ष ईश्वरी साहू, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, जिला पंचायत सभापति रामकुमार भट्ट, नितेश अग्रवाल सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, शहरवासी और यादव समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे। हजारों लोगों की मौजूदगी और जय कन्हैयालाल के गूंजते नारों से पूरा कवर्धा शहर कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आया।




