छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

कृषि दर्शिका 2026 का विमोचन, किसानों के लिए बनेगी तकनीक और योजनाओं की मार्गदर्शिका

रायपुर। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने नया रायपुर स्थित अपने निवास कार्यालय में इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कृषि दर्शिका 2026 का विमोचन किया। इस अवसर पर उन्होंने विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल और उनकी टीम को प्रकाशन के लिए बधाई दी।

कृषि मंत्री ने कहा कि कृषि दर्शिका 2026 में विश्वविद्यालय के शोध, विस्तार गतिविधियों, नवीन कृषि प्रौद्योगिकी और किसानों के लिए केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की समग्र जानकारी दी गई है। यह प्रकाशन किसानों के लिए उपयोगी संदर्भ पुस्तक के रूप में काम करेगा और उन्हें आधुनिक खेती से जोड़ने में मददगार होगा। उन्होंने उम्मीद जताई कि कृषि विश्वविद्यालय आगे भी किसानों के हित में इसी तरह निरंतर प्रयास करता रहेगा।

इस मौके पर विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित कृषि पंचांग का भी अवलोकन किया गया।
कुलपति डॉ. गिरीश चंदेल ने बताया कि कृषि दर्शिका में छत्तीसगढ़ की कृषि से जुड़ी सामान्य जानकारी, फसलों की उत्पादन तकनीक, खरीफ-रबी फसलों की उन्नत कार्यमालाएं, कीट-रोग प्रबंधन, विश्वविद्यालय की उपलब्धियां, विकसित किस्में और किसानों के लिए उपयोगी तकनीकों का समावेश किया गया है। साथ ही, सरकारी योजनाओं, अनुदान और संपर्क सूत्रों की जानकारी भी इसमें दी गई है।

विमोचन कार्यक्रम में कुलसचिव डॉ. कपिल देव दीपक, निदेशक विस्तार सेवाएं डॉ. एस.एस. टुटेजा सहित विश्वविद्यालय के कई अधिकारी और वैज्ञानिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button