छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

महासमुंद में खाद का भरपूर भंडार, किसानों को समय पर मिल रहा यूरिया-डीएपी

रायपुर। खरीफ सीजन को ध्यान में रखते हुए प्रदेशभर में किसानों की जरूरतों के अनुरूप उर्वरकों का पर्याप्त भंडारण किया गया है। कृषि विभाग के अनुसार सहकारी समितियों में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है और किसानों को निर्धारित नियमों के तहत समय पर वितरण भी किया जा रहा है।

महासमुंद जिले की सहकारी समितियों में वर्तमान में कुल 26,496 टन उर्वरकों का भंडारण है। इसमें 11,310 टन यूरिया, 4,276 टन डीएपी, 1,912 टन पोटाश, 5,888 टन सुपर फास्फेट और 3,110 टन एनपीके शामिल हैं। वहीं किसानों को अब तक 2,805 टन से अधिक विभिन्न प्रकार के उर्वरकों का वितरण किया जा चुका है।

महासमुंद विकासखंड के बम्हनी स्थित प्राथमिक कृषि साख सहकारी समिति में भी पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है। यहां 93 टन यूरिया, 57 टन डीएपी, 20 टन सुपर फास्फेट, 7 टन पोटाश और 25 टन एनपीके का स्टॉक मौजूद है। खाद लेने पहुंचे किसानों ने बताया कि उन्हें बिना किसी परेशानी के यूरिया और डीएपी उपलब्ध हो गया, जिससे खेती की तैयारियां सुचारू रूप से चल रही हैं।

इसी तरह बरोंडा बाजार स्थित समिति में पहुंचे किसानों ने भी समय पर खाद मिलने पर संतोष जताया। किसानों का कहना है कि उर्वरक की सहज उपलब्धता से खरीफ फसल की तैयारी में गति आई है।

कृषि विभाग लगातार उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की निगरानी कर रहा है ताकि जरूरतमंद किसानों को समय पर खाद मिल सके। साथ ही किसानों की भूमि के रकबे के आधार पर खाद वितरण की विशेष व्यवस्था लागू की गई है। छोटे किसानों को एकमुश्त, सीमांत किसानों को दो किस्तों में तथा बड़े किसानों को तीन किस्तों में उर्वरक उपलब्ध कराया जाएगा। यह व्यवस्था निजी और सहकारी दोनों क्षेत्रों में लागू रहेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button