छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

धमतरी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाई: महानदी में चल रही 5 मशीनें जब्त, रातभर चला छापेमारी अभियान

प्रदेश में अवैध खनन के खिलाफ सरकार की सख्ती लगातार देखने को मिल रही है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देशों के तहत खनिज विभाग द्वारा राज्यभर में व्यापक अभियान चलाकर अवैध उत्खनन गतिविधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। तकनीक आधारित निगरानी, त्वरित कार्रवाई और सतत मॉनिटरिंग के चलते खनन माफियाओं की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा रहा है।

इसी कड़ी में खनिज विभाग के सचिव और संचालक के निर्देश पर केंद्रीय खनि उड़नदस्ता और जिला स्तरीय संयुक्त टीम ने 31 मई की रात धमतरी जिले के विभिन्न क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान ग्राम नारी स्थित महानदी में पांच चैन माउंटेन मशीनें अवैध रूप से रेत उत्खनन करते हुए पाई गईं।

मौके पर मौजूद लोगों द्वारा रेत खनन से संबंधित कोई वैध अनुमति या अधिकृत दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इसके बाद टीम ने अवैध खनन का मामला दर्ज करते हुए खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम, 1957 की धारा 21 के तहत सभी मशीनों को जब्त कर सील कर दिया। संबंधित पक्षों को जवाब प्रस्तुत करने के लिए मशीनों पर नोटिस भी चस्पा किए गए।

कार्रवाई के दौरान केंद्रीय उड़नदस्ता और जिला प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। सरकार का कहना है कि अवैध खनन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई को अवैध खनन में संलिप्त लोगों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button