छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

किसानों को बड़ी राहत: चना, मसूर और सरसों की MSP खरीदी की अवधि 15 दिन बढ़ी

केंद्र सरकार ने किसानों के हित में बड़ा निर्णय लेते हुए चना, मसूर और सरसों की न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर खरीदी की अवधि 15 दिनों के लिए बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री अन्नदाता आय संरक्षण अभियान (पीएम आशा) के तहत प्राइस सपोर्ट स्कीम में लिया गया यह फैसला किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य दिलाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

यह निर्णय केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान की अध्यक्षता में राज्यों के कृषि मंत्रियों के साथ आयोजित उच्चस्तरीय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग बैठक में लिया गया। बैठक में छत्तीसगढ़ की ओर से कृषि मंत्री रामविचार नेताम सहित कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।

रबी विपणन वर्ष 2026-27 में अब किसानों को चना, मसूर और सरसों की उपज समर्थन मूल्य पर बेचने के लिए 15 दिन अतिरिक्त समय मिलेगा। इससे वे अपनी फसल को उचित मूल्य पर बेच सकेंगे और कम कीमत में उपज बेचने की मजबूरी से बच पाएंगे।

कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने किसानों से बढ़ी हुई अवधि का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि किसान अपनी नजदीकी सहकारी समितियों में पहुंचकर समर्थन मूल्य पर अपनी उपज का विक्रय करें। किसी भी जानकारी या सहायता के लिए किसान समिति प्रबंधक, कृषि विभाग के मैदानी अमले या संबंधित जिले के उप संचालक कृषि कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।

केंद्र सरकार का यह फैसला किसानों की आय बढ़ाने और उन्हें आर्थिक रूप से मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। इससे विशेष रूप से उन किसानों को राहत मिलेगी, जो निर्धारित समय सीमा के भीतर अपनी उपज की बिक्री नहीं कर पाए थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button