
रायपुर : दूसरे चरण में होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए भाजपा शेष प्रत्याशियों की घोषणा दो दिन के भीतर हो जाएगी। मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने इसके संकेत है। वहीं प्रदेश प्रभारी अनिल जैन ने कहा कि दूसरे चरण के लिए भाजपा के सभी 72 प्रत्याशी एक ही दिन 1 नवंबर को अपना नामांकन दाखिल करेंगे।
एकात्म परिसर भाजपा कार्यालय में आज भाजपा की महत्वपूर्ण बैठक हुई। बैठक में मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह, प्रदेश प्रभारी अनिल जैन, संगठन के वरिष्ठ नेता सौदान सिंह, सरोज पाण्डेय, पवन साय के अलावा भाजपा के पहली सूची में घोषित सभी प्रत्याशियों सहित अन्य नेतागण भी मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़ें – रायपुर : भाजपा विकास के दम पर फतह करेंगे 2018
बैठक के पश्चात प्रेसवार्ता में प्रदेश प्रभारी डा. अनिल जैन ने बताया कि दूसरे चरण में 72 सीटों पर होने वाले चुनाव के लिए भाजपा के सभी 72 प्रत्याशी 1 नवंबर को नामांकन भरेंगे। उन्होंने कहा कि बैठक में मिशन 65 को पूरा करने को लेकर चर्चा हुई है। इसके तहत 27 अक्टूबर को कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन होगा, वहीं 29 को 18 विधानसभाओं में स्टार प्रचारक और प्रदेश के नेता अलग-अलग विधानसभाओं पर चुनावी सभा लेंगे। 27 से 30 अक्टूबर तक भाजपा का घर-हर घर कार्यक्रम के तहत घरों में भाजपा का झंडा लगाया जायेगा। वहीं 1 से 4 नवंबर तक प्रथम चरण के चुनाव को लेकर मोटर साइकिल रैली का आयोजन किया जायेगा।
ये खबर भी पढ़ें – रायपुर : कार्यकर्ताओं में उत्साह, फिर जीतेगी भाजपा : डा. रमन सिंह
4 नवंबर को कमल दीवाली मनाई जाएगी, जिसके तहत घरों में कमल रंगोली बनाई जाएगी। 9 नवंबर को कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन सभी 72 विधानसभा में होगा। 11 नवम्बर से द्वितीय चरण में एक साथ केंद्र के नेताओं के द्वारा 72 विधानसभा मे चुनाव प्रचार किया जायेगा। अनिल जैन ने कहा कि पहले और दूसरे दोनों चरणों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और गृह मंत्री राजनाथ सिंह के कार्यक्रम होंगे।
बैठक के बाद मुख्यमंत्री डा. रमन सिंह ने भी संकेत दिए है कि भाजपा की दूसरी व अंतिम सूची दो दिन के भीतर जारी हो जाएगी।