छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

रायपुर मेडिकल कॉलेज में अंबेडकर जयंती पर गूंजा समानता का संदेश, स्वास्थ्य मंत्री ने दिलाया सामाजिक न्याय का संकल्प

रायपुर। रायपुर स्थित पंडित जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय और डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में स्थापित बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके विचारों को नमन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि भारत की लोकतांत्रिक ताकत उसकी समानता की भावना में निहित है, जहां व्यक्ति की पहचान उसकी जाति नहीं बल्कि उसके कर्म और व्यक्तित्व से होती है।

उन्होंने बताया कि बाबा साहेब ने समाज के वंचित, शोषित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए ऐतिहासिक संघर्ष किया और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ा। साथ ही, उन्होंने गुरु घासीदास के “मनखे-मनखे एक समान” के संदेश का उल्लेख करते हुए समाज में समरसता बनाए रखने पर जोर दिया।

कार्यक्रम में मेडिकल कॉलेज के विद्यार्थियों ने नृत्य, गीत और नाटक के जरिए बाबा साहेब के जीवन और उनके योगदान को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। अंत में सभी उपस्थित लोगों ने उनके आदर्शों को अपनाने और आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में डॉक्टर, अधिकारी, छात्र-छात्राएं और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button