रायपुर के 3-डी इनोवेशन कारखाने में भीषण विस्फोट, तीन श्रमिकों की मौत के बाद फैक्ट्री का संचालन बंद

रायपुर जिले के उरला औद्योगिक क्षेत्र के पास स्थित ग्राम बेन्द्री में संचालित 3-डी इनोवेशन कारखाने में हुए भीषण औद्योगिक हादसे के बाद प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। फेरो एलॉयज डिवीजन के फर्नेस में लांसिंग कार्य के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक हुए विस्फोट से तीन श्रमिकों—अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह—की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का विस्तृत निरीक्षण किया। अधिकारियों ने दुर्घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए, फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कराई तथा कारखाना प्रबंधन और कर्मचारियों से प्रारंभिक पूछताछ शुरू की।
प्रारंभिक जांच में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता, 2020 की धारा 38(1)(ए) के तहत कारखाने की सभी विनिर्माण गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक रोक लगा दी गई है। इस संबंध में कारखाने के अधिभोगी और प्रबंधक को प्रतिबंधात्मक आदेश जारी कर दिया गया है।
विभाग ने यह भी निर्देश दिया है कि उत्पादन बंद रहने के दौरान भी कारखाने में कार्यरत सभी श्रमिकों को नियमानुसार वेतन और अन्य देय भत्तों का समय पर भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
विभाग के प्रयासों से कारखाना प्रबंधन ने हादसे में जान गंवाने वाले तीनों श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई है।
औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि हादसे के कारणों की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद संबंधित प्रावधानों के तहत आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




