छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

मोपका निपनिया कॉलेज में मंत्री टंक राम वर्मा का औचक निरीक्षण, लापरवाही पर जताई नाराजगी

रायपुर। राज्य में उच्च शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने और नए शिक्षा सत्र से पहले कॉलेजों की तैयारियों का जायजा लेने के लिए उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा ने मोपका निपनिया महाविद्यालय का औचक निरीक्षण किया। मंत्री के अचानक पहुंचने से कॉलेज प्रशासन में हड़कंप मच गया। निरीक्षण के दौरान प्राचार्य अनुपस्थित मिलीं, जबकि स्टाफ की उपस्थिति भी बेहद कम पाई गई। मौके पर केवल तीन सहायक प्राध्यापक और दो कार्यालयीन कर्मचारी ही मौजूद थे।

निरीक्षण के दौरान कॉलेज के वित्तीय रिकॉर्ड की जानकारी भी उपलब्ध नहीं हो सकी, जिस पर मंत्री ने नाराजगी जाहिर करते हुए साफ कहा कि सरकारी संस्थानों में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

कॉलेज परिसर में साफ-सफाई की खराब स्थिति देखकर मंत्री ने अधिकारियों को फटकार लगाई और सभी कर्मचारियों को समय पर उपस्थित रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छात्रों को स्वच्छ और बेहतर शैक्षणिक वातावरण देना सरकार की प्राथमिकता है।

नए शिक्षा सत्र को देखते हुए मंत्री ने कॉलेज में तत्काल हेल्प डेस्क शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को प्रवेश, मार्गदर्शन और अन्य समस्याओं में त्वरित सहायता मिल सके। साथ ही पेयजल, बैठक व्यवस्था और अन्य जरूरी सुविधाएं समय सीमा में पूरी करने के निर्देश भी दिए गए।

सरकार का उद्देश्य प्रदेश के ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के महाविद्यालयों में भी बेहतर सुविधाएं और मजबूत प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ मिल सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button