छत्तीसगढ़ में मानसून मेहरबान, 99% पहुंची बारिश; सरगुजा सबसे पीछे, सारंगढ़-बिलाईगढ़ में रिकॉर्ड पानी

26 तक औसतन 606.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। यह सामान्य औसत वर्षा 612.8 मिलीमीटर का करीब 99 प्रतिशत है। वहीं 7 अगस्त को प्रदेश में औसतन 10.9 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
हालांकि राज्य के अलग-अलग जिलों में बारिश का आंकड़ा काफी अलग है। कहीं सामान्य से कई गुना अधिक बारिश हुई है तो कुछ जिले अब भी औसत से काफी पीछे चल रहे हैं। सारंगढ़-बिलाईगढ़ इस मामले में सबसे आगे है। यहां अब तक 872.8 मिलीमीटर बारिश हो चुकी है, जो सामान्य वर्षा का 187.8 प्रतिशत है। इसके उलट सरगुजा में महज 304.5 मिलीमीटर बारिश दर्ज हुई है, जो सामान्य का सिर्फ 65.6 प्रतिशत है।
मध्य छत्तीसगढ़ के कई जिलों में मानसून ने अच्छी दस्तक दी है। रायपुर में 648.7 मिलीमीटर यानी सामान्य का 126.8 प्रतिशत बारिश हुई है। बलौदाबाजार में 701.8 मिलीमीटर, गरियाबंद में 731.8 मिलीमीटर, महासमुंद में 771.9 मिलीमीटर और धमतरी में 651.4 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है।

बिलासपुर संभाग में भी बारिश की स्थिति बेहतर है। जांजगीर-चांपा में 798.1 मिलीमीटर, सक्ती में 668.8 मिलीमीटर, बिलासपुर में 635.4 मिलीमीटर और मुंगेली में 584.8 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़ और कोरबा में बारिश सामान्य के आसपास बनी हुई है।
दुर्ग संभाग में बारिश का असर मिला-जुला रहा। बालोद में 686.9 मिलीमीटर और दुर्ग में 504.6 मिलीमीटर बारिश हुई है। वहीं कबीरधाम, बेमेतरा और मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जैसे जिलों में बारिश सामान्य से कम दर्ज की गई है।
बस्तर संभाग में नारायणपुर सबसे आगे है। यहां 1008.7 मिलीमीटर बारिश हुई है, जो सामान्य का 134.9 प्रतिशत है। दंतेवाड़ा में 758.9 और कोंडागांव में 598.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।
सरगुजा संभाग में स्थिति अपेक्षाकृत कमजोर है। बलरामपुर में सामान्य से अधिक बारिश हुई है, लेकिन जशपुर और सरगुजा में बारिश का आंकड़ा काफी कम है। सरगुजा में सामान्य का केवल 65.6 प्रतिशत पानी बरसा है।
राज्य आपदा प्रबंधन नियंत्रण कक्ष सभी जिलों में बारिश, जलभराव और मानसूनी गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है।




