छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

मंत्री राजेश अग्रवाल ने रजवार समाज को दिया भरोसा, जनहित के मुद्दों पर होगी सकारात्मक पहल

पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल अंबिकापुर में आयोजित रजवार समाज की महत्वपूर्ण बैठक और सम्मान समारोह में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने समाज के वरिष्ठजनों, माताओं, बहनों और युवाओं से आत्मीय मुलाकात की। समाज की ओर से मंत्री का पुष्पमालाओं से स्वागत और सम्मान किया गया।

बैठक में समाज के प्रतिनिधियों ने विभिन्न सामाजिक और विकास से जुड़े मुद्दों को मंत्री के सामने रखा। साथ ही समाज के उत्थान और जरूरतमंद परिवारों के सहयोग के लिए आवश्यक पहल की अपेक्षा जताई।

बैठक को संबोधित करते हुए राजेश अग्रवाल ने कहा कि किसी भी समाज की असली ताकत उसकी एकजुटता, शिक्षा और आपसी सहयोग में होती है। उन्होंने युवाओं से शिक्षा, रोजगार और सामाजिक नेतृत्व के क्षेत्र में आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वरिष्ठजनों के अनुभवों का लाभ लेकर नई पीढ़ी को संगठित और संस्कारित करना आज की जरूरत है।

मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है। रजवार समाज से जुड़े जनहित के मुद्दों पर सकारात्मक पहल की जाएगी। उन्होंने सामाजिक समरसता बनाए रखने के साथ परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण तथा शिक्षा के स्तर को बेहतर बनाने पर भी जोर दिया।

राजेश अग्रवाल ने समाज की ओर से मिले सम्मान और आत्मीय आतिथ्य के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि रजवार समाज का छत्तीसगढ़ के सामाजिक विकास, सांस्कृतिक विरासत और जनसेवा में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

कार्यक्रम में समाज के वक्ताओं ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने, प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की मदद करने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। साथ ही सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सामूहिक प्रयास करने का संकल्प लिया गया।

कार्यक्रम में महिलाओं और युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी देखने को मिली। समाजजनों ने मंत्री राजेश अग्रवाल के प्रति विश्वास जताते हुए समाज के विकास और मार्गदर्शन में निरंतर सहयोग की अपेक्षा रखी।

मंत्री ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए शासन और समाज को मिलकर काम करना होगा। सामूहिक प्रयासों से ही समावेशी और सतत विकास के लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।

कार्यक्रम का समापन सामाजिक एकता, संगठन की मजबूती, सद्भाव और विकास के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button