हिंदी पत्रकारिता के 200 साल का गौरव, गणेश उत्सव में दिखा पत्रकार बिरादरी का संगम

रायपुर। हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होने के गौरवपूर्ण अवसर पर रायपुर प्रेस क्लब में आयोजित गणेश उत्सव मंगलवार को वरिष्ठ पत्रकारों की मौजूदगी से खास बन गया। पत्रकारिता की पुरानी और नई पीढ़ी एक मंच पर जुटी और भगवान गणेश की पूजा-अर्चना के साथ संध्या आरती में शामिल हुई। कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी की विशेष मौजूदगी रही।
रायपुर प्रेस क्लब इस वर्ष गणेश उत्सव को हिंदी पत्रकारिता की 200 वर्षों की गौरवशाली यात्रा की थीम पर मना रहा है। उत्सव को पत्रकार बिरादरी के सामूहिक सहभागिता पर्व के रूप में आयोजित किया जा रहा है। इसी कड़ी में अलग-अलग दिनों में पत्रकारिता की विभिन्न विधाओं और वर्गों से जुड़े पत्रकारों को भगवान गणेश की आराधना में सहभागी बनाया जा रहा है।

मंगलवार को वरिष्ठ पत्रकारों ने विधिवत पूजा-अर्चना की और संध्या आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान पत्रकारिता की पुरानी पीढ़ी और वर्तमान पीढ़ी के बीच आत्मीय संवाद भी हुआ। वरिष्ठ पत्रकारों के अनुभवों और नई पीढ़ी की ऊर्जा का यह मिलन कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहा।
विधायक सुनील सोनी ने भगवान गणेश की आरती में शामिल होकर पत्रकार साथियों को गणेश उत्सव की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वरिष्ठ पत्रकारों से संवाद भी किया।

प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी ने कहा कि हिंदी पत्रकारिता के 200 वर्ष पूरे होना सभी के लिए गौरव का विषय है। इसी भावना को ध्यान में रखते हुए इस बार गणेश उत्सव को पत्रकारिता की परंपरा और पत्रकार बिरादरी की सहभागिता से जोड़ा गया है। वरिष्ठ पत्रकारों की मौजूदगी नई पीढ़ी के पत्रकारों के लिए अनुभव और मार्गदर्शन का महत्वपूर्ण अवसर है।
कार्यक्रम में प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी, महासचिव गौरव शर्मा, उपाध्यक्ष दिलीप साहू, कोषाध्यक्ष दिनेश यादव, संयुक्त सचिव निवेदिता साहू, भूपेश जांगड़े सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार साथी मौजूद रहे।


