छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

धमतरी में पशुपालकों को मिलेगी सस्ती जेनेरिक पशु दवाइयां, PAVK केंद्र की राह साफ

धमतरी जिले में पशुपालकों को गुणवत्तापूर्ण और सस्ती पशु औषधियां उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल शुरू हुई है। पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय, भारत सरकार के Livestock Health and Disease Control Programme (LHDCP) के तहत पशु औषधि विक्रय केंद्र (PAVK- Pashu Aushadhi Vikray Kendra) की स्थापना के लिए प्राप्त आवेदन के दस्तावेजों का सत्यापन पूरा कर लिया गया है।

संचालनालय पशु चिकित्सा सेवाएं, छत्तीसगढ़, रायपुर के निर्देशों के तहत विकासखंड धमतरी से प्राप्त PAVK आवेदन पोर्टल पर Accepted होने के बाद अर्हता संबंधी आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन 6 अगस्त 2026 को उपसंचालक, पशु चिकित्सा सेवाएं, जिला धमतरी द्वारा किया गया। इस दौरान PAVK आवेदक देवेश कुमार सिन्हा, सिन्हा कृषि केंद्र (पीएम किसान समृद्धि केंद्र), ग्राम कोलियरी, विकासखंड धमतरी तथा फार्मासिस्ट प्रतीक वाटवानी उपस्थित रहे।

खास बात यह है कि छत्तीसगढ़ में अब तक पोर्टल पर स्वीकृत आवेदनों में दस्तावेज सत्यापन के चरण तक पहुंचने वाला यह एकमात्र आवेदन है। इससे धमतरी जिले को इस पहल में अग्रणी अवसर मिला है।

PAVK केंद्र का संचालन शुरू होने के बाद विकासखंड धमतरी क्षेत्र के पशुपालकों को जेनेरिक पशु औषधियां स्थानीय स्तर पर सस्ती और उचित दरों पर उपलब्ध हो सकेंगी। इससे पशुओं के उपचार पर होने वाले खर्च को कम करने के साथ समय पर दवाइयां उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। पशुपालकों को आवश्यक दवाइयों और पशु चिकित्सा सेवाओं के लिए दूरस्थ क्षेत्रों में जाने की जरूरत भी कम होगी।

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि पशुपालकों को बेहतर और सुलभ पशु चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है। PAVK केंद्र शुरू होने से पशुपालकों को आवश्यक जेनेरिक पशु औषधियां उचित एवं सस्ती दरों पर स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी। इससे समय पर उपचार और पशुपालकों के खर्च में कमी आएगी।

उन्होंने कहा कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और किसानों की आय का महत्वपूर्ण आधार है। पशुधन के बेहतर स्वास्थ्य के लिए दवाइयों की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करना पशुपालकों की आय और आजीविका को मजबूत करने की दिशा में उपयोगी कदम है। उन्होंने संबंधित विभाग को निर्धारित मापदंडों के अनुरूप केंद्र के संचालन की प्रक्रिया जल्द पूरी करने के निर्देश दिए हैं।

यह पहल जिले में पशुधन स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और प्रभावी बनाने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button