MP Headline 14 january 2021: MP में कोरोना वैक्सीन का आगमन, आज मकर संक्रांति पर्व में क्या करें जानिये ?पढ़िये सुबह की सुर्खियां

1.आज मकर संक्रांति पर सूर्य के राशि परिवर्तन का पर्व, तिल-गुड़ और खिचड़ी के दान व प्रात: स्नान से मिलेगा पुण्य

ग्वालियर : आज पूरे देश में मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा। सुबह 8.14 बजे भगवान सूर्य देवगुरु बृहस्पति तथा चंद्रपुत्र बुध के साथ अपने पुत्र शनि से मिलेंगे। मकर संक्राति पर यह योग 58 साल बाद आया है। इससे पहले यह योग 1962 में सुबह 4.55 बजे आया था। उस समय इन ग्रहों के साथ केतु की युति भी थी।
इस पर्व पर चतुर्ग्रही योग में भगवान भास्कर की पूजा के साथ-साथ देवगुरु बृहस्पति को प्रसन्न करने के लिए दत्तात्रेय भगवान तथा शनि की कृपा प्राप्ति हेतु शनिदेव मंदिर में तिल दान करें एवं बुध की प्रसन्नता के लिए भगवान विष्णु को खिचड़ी एवं पीले वस्त्र अर्पित करें। ज्योतिषाचार्य पं. विजय भूषण वेदार्थी के अनुसार सूर्य ग्रह के मकर राशि में प्रवेश करते ही मलमास की समाप्ति हो जाएगी।
2.MP कोरोना वैक्सीन एक हफ्ते में 4 दिन लगेगा टीका, एक दिन में 12 सेंटर पर 1200 हेल्थ वर्कर्स को बुलाया

भोपाल : कोरोना वैक्सीन भोपाल पहुंच ही गई। वैक्सीन को जेपी अस्पताल के वैक्सीन स्टोर में रखा गया है। इससे पहले यहां एक बच्ची ने वैक्सीन की पूजा की। यहां पर 36 हजार 230 डोज रखे गए हैं। वैक्सीनेशन के 24 घंटे पहले इन्हें कोल्ड चैन पॉइंट पर पहुंचाया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए गए बदलाव के तहत एक सप्ताह में 4 दिन टीके लगाए जाएंगे।
इस दौरान हर बूथ पर 100 लोगों को बुलाया जाएगा यानी शहर के 12 सेंटर्स पर हर दिन 1200 हेल्थ वर्कर्स को टीका लगेगा। राज्य सरकार ने टीकाकरण का पहले सप्ताह का प्लान जारी कर दिया है। इसके मुताबिक 4 सप्ताह में 16 दिन टीके लगाए जाएंगे। पहले सप्ताह के बाद इसका रिव्यू होगा। 16 जनवरी से वैक्सीन लगाने काम शुरू होगा। जिन हेल्थ वर्कर्स का रजिस्ट्रेशन नहीं हुआ है, उन्हें सूचना देकर रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कहा जाएगा।
3.नए साल में पहली बार शहर में पारा 10 डिग्री पर आया, ठंड बढ़ी

इंदौर : मकर संक्रांति से 24 घंटे पहले प्रदेश के ज्यादातर जिले कड़ाके की ठंड से ठिठुर गए। पश्चिमी विक्षोभ, अरब सागर से आ रही नमी बुधवार को कम हो गई। आसमान साफ होते ही ठंड भी बढ़ गई। इंदौर में मंगलवार रात इस माह में पहली बार तापमान न्यूनतम स्तर पर आया। आज शहर में पारा 10 डिग्री पर आया । मौसम विभाग के मुताबिक जनवरी के आगामी 15 दिनों में आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ेगी।
4.पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा बोले-15 साल में लड़की विवाह के लायक हो जाती है, तो शादी 21 साल में क्यों?

भोपाल : पूर्व मंत्री सज्जन सिंह वर्मा ने कहा है कि जब लड़कियां 15 साल में विवाह के लायक हो जाती हैं, तो शादी की उम्र 21 साल करने की क्या जरूरत है। दरअसल, सज्जन सिंह वर्मा का बयान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के सोमवार को आए बयान पर कटाक्ष था।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में कहा था कि लड़कियों की शादी की उम्र 18 से बढ़ाकर 21 साल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा था कि मैं इसे बहस का विषय बनाना चाहता हूं। प्रदेश सोचे, देश सोचे, ताकि इस पर फैसला किया जा सके।
इस पर सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि पता नहीं मुख्यमंत्री कहां से ऐसे विचार लेकर आते हैं। शिवराज जी क्या डॉक्टर हैं? प्रदेश बच्चियों के साथ रेप की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। उन्हें शादी की उम्र पर बयान देने के बजाय बच्चियों की सुरक्षा पर ध्यान देना चाहिए।