देशबड़ी खबरें

नई दिल्ली : कर्नाटक चुनाव : मोदी का कांग्रेस पर वार, सच न बोल पाओ तो चुप रहना सीखो

नई दिल्ली : कर्नाटक चुनाव को लेकर सरगर्मिया तेज हो गई हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कर्नाटक में आज अपने तीसरे चरण का चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया। गुलबर्गा में पीएम ने रैली को संबोधित किया। भाषण की शुरुआत कन्नड़ भाषा से करते हुए उन्होंने कहा कि कर्नाटक की जनता का संकल्प है कि अब एक पल भी कर्नाटक को बर्बाद नहीं होने देना है। पीएम ने कहा कि यह चुनाव कर्नाटक के नौजवानों का भविष्य तय करने के लिए है। कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि सच न बोल पाओ तो चुप रहना तो सीखो।

कर्नाटक में आज अपने तीसरे चरण का चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया

कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि कश्मीर को बचाने वाले जनरल थिमैया का कांग्रेस ने बार-बार अपमान किया था। मैं पूछना चाहता हूं कि क्या इस देश में कोई हमारे वीर सैनिकों को गुंडा कहने का पाप कोई कर सकता है? पीएम मोदी बोले जहां भी सरदार वल्लभ भाई पटेल का नाम आता है, कांग्रेस की नींद उड़ जाती है। सर्जिकल स्ट्राइक के वक्त कांग्रेस ने उस पर सवाल उठाते हुए सबूत मांगे थे। मोदी ने दावा किया कि कर्नाटक में किसानों के लिए जीवन भर संघर्ष करने वाले येदियुरप्पा जी के नेतृत्व में बीजेपी की सरकार बनेगी।

मोदी बोले जहां भी सरदार वल्लभ भाई पटेल का नाम आता है, कांग्रेस की नींद उड़ जाती है

आने वाले दिनों में किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का भरपूर लाभ मिलेगा। पीएम मोदी ने कहा कि जहां बीजेपी को सरकार बनाने का अवसर मिलता है, वहां हम लोगों का विश्वास जीतते हैं और कमल का फूल खिलता है। मगर जहां कांग्रेस की सरकार बनती है, वहां कुछ परिवार ही फलते-फूलते हैं। अपने सरकार की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि हमने खनिज से हुई पैदावार का निश्चित हिस्सा उसी इलाके में खर्च करने की योजना बनाई। हमने प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत सवा 3 करोड़ से ज्यादा परिवारों तक गैस का चूल्हा पहुंचा दिया।

21 रैलियों को संबोधित करेंगे पीएम मोदी

पीएम मोदी कलबुर्गी के बाद बेल्लारी और बेंगलुरू में रैली को संबोधित करेंगे। वे यहां 21 कुल रैलियों को संबोधित करेंगे। इनमें से तीन रैलियों को वे 1 मई को संबोधित कर चुके हैं। बता दें कि कर्नाटक में 12 मई को विधानसभा चुनाव होने जा रहे हैं। पार्टी सूत्रों ने बताया कि अगले कुछ दिनों में यहां सार्वजनिक सभाओं को संबोधित करने के लिए गृहमंत्री राजनाथ सिंह सहित कई भाजपा नेता आएंगे। मोदी ने इससे पहले राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर करारा हमला करते हुए चुनाव प्रचार अभियान शुरू किया था। प्रधानमंत्री का अगला चुनाव प्रचार अभियान तमाकुरा में पांच मई को होगा।

भाजपा की सोच में किसान कल्याण- मोदी

कर्नाटक में मंगलवार को आयोजित एक चुनावी रैली को संबोंधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की प्रशंसा की थी। इसपर प्रतिक्रिया देते हुए देवेगौड़ा ने बुधवार को कहा, इसका मतलब यह नहीं कि दोनों दल एक दूसरे से मधुर संबंध बना रहे हैं।

नरेंद्र मोदी ने पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा की प्रशंसा की थी

देवगौड़ा ने इसके साथ ही मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की उस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई, जिसमें उन्होंने कहा था कि जेडीएस भाजपा का समर्थन करेगी। उन्होंने दावा किया कि जब सिद्धरमैया जेडीएस में थे, तो वह 2004 में भाजपा के समर्थन से मुख्यमंत्री बनना चाहते थे।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया की उस टिप्पणी पर कड़ी आपत्ति जताई

मोदी ने देवेगौड़ा का कथित अपमान करने पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी की निंदा की थी। इसका समर्थन करते हुए देवेगौड़ा ने कहा, एक कन्नडिग़ा प्रधानमंत्री बना था। सिद्धरमैया ने कन्नडिग़ा के गौरव को खत्म करने का प्रयास किया। उन्होंने त्रिशंकु विधानसभा की आशंका से इनकार करते हुए कहा कि 12 मई को प्रस्तावित विधानसभा चुनाव में जेडीएस सत्ता में वापस आएगी।

कांग्रेस ने भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को घेरा

कांग्रेस ने बुधवार को भ्रष्टाचार के मुद्दे पर भाजपा को घेरा। पार्टी का कहना है कि कर्नाटक में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार बीएस येदियुरप्पा और रेड्डी भाइयों के साथ खड़े होने के बाद भाजपा को भ्रष्टाचार पर बोलने का अधिकार नहीं है। पार्टी ने यह आरोप भी लगाया कि सीबीआई ने केंद्र के दबाव में येदियुरप्पा को भ्रष्टाचार के मामले में क्लीनचिट दी है। पार्टी के वरिष्ठ नेता राजीव शुक्ला ने प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि ‘एड्डी-रेड्डी गैंग’ एक बार फिर कर्नाटक में शासन करना चाहता है। भाजपा ने रेड्डी के साथ उनके सात समर्थकों को भी टिकट दिया है। इसलिए जब पार्टी के नेता भ्रष्टाचार के बारे में बोलते हैं, तो बहुत अजीब लगता है।

जिन्ना पर रुख साफ करे- कांग्रेस

राजीव शुक्ला ने कहा कि भाजपा के शीर्ष नेता लालकृष्ण आडवाणी जिन्ना के मजार पर मत्था टेक चुके हैं। जसवंत सिंह ने भी जिन्ना की तारीफ की थी। अब उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री स्वामी प्रसाद मौर्या मोहम्मद अली जिन्ना को देशभक्त करार दे रहे हैं। ऐसे में भाजपा को जिन्ना के बारे में अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। एएमयू में जिन्ना की तस्वीर के मामले में उनका कहना था कि इस पर मानव संसाधन विकास मंत्रालय और केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावडेकर को फैसला लेना चाहिए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published.

Back to top button