Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

नवा रायपुर में जीएसटी विभाग का नया हाई-टेक कार्यालय शुरू, GST 2.0 से आम नागरिक और व्यापार जगत को बड़ी राहत

New hi-tech GST office opens in Nava Raipur, GST 2.0 brings major relief to common citizens and businesses

नवा रायपुर के सीबीडी बिल्डिंग में राज्य कर (GST) विभाग का आधुनिक और तकनीकी सुविधाओं से लैस नया कार्यालय आज औपचारिक रूप से शुरू हो गया। 5वें और 6वें तल पर विकसित यह नया भवन भविष्य की कर सेवा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी, सरल और करदाता हितैषी बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। उद्घाटन कार्यक्रम में वित्त सचिव मुकेश बंसल, चेम्बर ऑफ कॉमर्स के चेयरमैन सतीश थौरानी, CAIT के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अमर परवानी, CA एवं बार एसोसिएशन के प्रतिनिधि, रायपुर और अन्य संभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

उद्घाटन समारोह में संबोधित करते हुए वित्त मंत्री ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था तभी आगे बढ़ सकती है जब व्यापार को सहज माहौल मिले और कर प्रशासन सहयोगी बने। उन्होंने ज़ोर दिया कि GST विभाग व्यापारियों की समस्याओं को समझकर त्वरित समाधान दे, तकनीकी दिक्कतों में सहायता करे और नियमों को सरल भाषा में समझाने की पहल बढ़ाए।

GST 2.0 : आम जनता से लेकर व्यापारियों तक, सबको राहत

भाषण के दौरान बताया गया कि GST 2.0 का मूल उद्देश्य कर संरचना को और सरल बनाना, नागरिकों पर कर का बोझ कम करना और छोटे व्यवसायों व किसानों की आय बढ़ाना है। नए सुधारों से–

एक सामान्य भारतीय परिवार को 25,000 से 40,000 रुपये तक की सीधी वार्षिक बचत की उम्मीद है।

किसानों, छोटे व्यापारियों और कारीगरों की आय में 10–20% तक वृद्धि संभावित है।

स्वास्थ्य, शिक्षा और जरूरी जीवनयापन की वस्तुओं पर कर घटने से परिवारों पर आर्थिक बोझ कम होगा। अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि GST 2.0 का लाभ हर वर्ग तक बिना रुकावट पहुँचे।

उत्कृष्ट करदाताओं को सम्मान

कार्यक्रम में 2024-25 के उत्कृष्ट करदाताओं को Taxpayer Appreciation Award प्रदान किए गए। सम्मानित संस्थानों में महिन्द्रा एंड महिन्द्रा लिमिटेड, एचडीएफसी बैंक, अल्ट्राटेक सीमेंट, एनटीपीसी, रिलायंस रिटेल लिमिटेड, भिलाई स्टील प्लांट सहित कई प्रमुख कंपनियाँ शामिल रहीं।

यह पहल कर अनुपालन को बढ़ावा देने और राज्य के ईमानदार करदाताओं का उत्साह बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी गई।

आधुनिक प्रशासन की नई पहचान

नवा रायपुर का नया कार्यालय भवन तकनीकी दक्षता, पारदर्शिता और करदाता-केन्द्रित सेवाओं का नया प्रतीक बताया गया। आधुनिक कार्यालय व्यवस्था न केवल कार्यकुशलता बढ़ाएगी, बल्कि GST सेवाओं को भी और अधिक सहज और प्रभावी बनाएगी।