कलेक्टोरेट में हुआ मॉक ड्रिल,कलेक्टर ने बुझाई गैस सिलेंडर में धधकती आग

रायपुर। कलेक्टर सौरभ कुमार ने अपने कार्यालय परिसर में जलते हुए एक गैस सिलेंडर को गीले कपड़े से ढक कर आग को बुझाई। कलेक्टर के इस साहसी प्रयास ने कार्यालय के अन्य अधिकारी कर्मचारियों को भी प्रेरित किया। कलेक्टोरेट परिसर में अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत आग से बचाव और आग लगने पर उसे बुझाने के तरीकों का मॉक ड्रिल हुआ।
मॉक ड्रिल का आयोजन एसडीआरएफ ने किया। इस दौरान नगर सेना और राहत-आपदा प्रबंधन की टीम ने आग लगने के संभावित कारणों और उसे बुझाने के तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। संभागीय सेनानी अनिमा कुजूर ने बताया कि मॉक ड्रिल के दौरान अधिकारी- कर्मचारियों को एसीबी,फोम, कार्बनडाईआक्साइड प्रकार के अग्निशमन यंत्रों के बारे में भी बताया गया। आग लगने के कारण और उसे बुझाने के लिए उपयुक्त अग्निशमन यंत्र के उपयोग की जानकारी दी गई।
उन्होंने बताया कि आग लगने की किसी भी दुर्घटना की जानकारी तत्काल 112 पर फोन से दी जा सकती है। फोन पर सूचना मिलते ही नगर सेना और राहत-आपदा प्रबंधन की टीम तत्काल लोगो को बचाने और मदद के लिए पहुंचेगी।
इस मौके पर अपर कलेक्टर गोपाल वर्मा, अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी एनआर साहू,संयुक्त कलेक्टर शिम्मी नाहिद,संयुक्त कलेक्टर दीप्ति वर्मा सहित कलेक्टर कार्यालय के स्टाफ और आमजन बड़ी संख्या में मौजूद थे।