मुख्यमंत्री की तारीफ के बाद चमका विष्णु भोग चावल, रायपुर से पहुंचे खरीदारों ने की सीधी खरीदी

छत्तीसगढ़ के पारंपरिक और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान दिलाने की पहल अब ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव ला रही है। गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले का प्रसिद्ध विष्णु भोग चावल इन दिनों अपनी खास खुशबू और स्वाद की वजह से लोगों की पहली पसंद बनता जा रहा है। सुशासन तिहार के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय द्वारा इस चावल की सराहना किए जाने के बाद इसकी मांग में उल्लेखनीय बढ़ोतरी देखने को मिली है।
सोशल मीडिया से बढ़ी पहचान, खरीदार पहुंचे गांव
मरवाही विकासखंड के ग्राम निमधा में आयोजित जनचौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने स्थानीय किसानों और महिला समूहों द्वारा तैयार किए जा रहे विष्णु भोग चावल की गुणवत्ता की खुलकर प्रशंसा की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद रायपुर निवासी अजय कुमार और उनके साथियों की रुचि इस पारंपरिक चावल की ओर बढ़ी। इसकी विशेषताओं से प्रभावित होकर वे सीधे गौरेला-पेण्ड्रा-मरवाही जिले पहुंच गए।
महिला उत्पादक कंपनी से 7 हजार रुपये का चावल खरीदा
जिले में पहुंचने के बाद खरीदारों ने कलेक्टर डॉ. संतोष कुमार देवांगन की मौजूदगी में तिपान महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड से 50 किलोग्राम विष्णु भोग चावल की खरीदी की। इस खरीद की कुल कीमत 7 हजार रुपये रही। खरीदारों ने बताया कि वे इस चावल की सुगंध और स्वाद को स्वयं अनुभव करना चाहते थे और आगे भी इसकी खरीदी जारी रखेंगे।
महिला समूहों और किसानों को मिल रहा लाभ
तिपान महिला फार्मर प्रोड्यूसर कंपनी लिमिटेड के अधिकारियों ने बताया कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलने से किसानों और महिला स्व-सहायता समूहों को सीधा आर्थिक लाभ मिल रहा है। इससे ग्रामीण उत्पादों के लिए नए बाजार तैयार हो रहे हैं और महिला उद्यमिता को भी मजबूती मिल रही है।
स्थानीय पहचान से बन रहा नया ब्रांड
अपनी अनोखी खुशबू, उत्कृष्ट स्वाद और गुणवत्ता के कारण विष्णु भोग चावल अब जिले की नई पहचान बनकर उभर रहा है। यह पारंपरिक फसल अब ग्रामीण कृषि समृद्धि और महिलाओं की आर्थिक आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनती जा रही है। स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने की पहल से किसानों को बेहतर बाजार और उचित मूल्य मिलने की संभावनाएं बढ़ी हैं।


