छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ में नर्सिंग संवर्ग को नई पहचान, ‘स्टाफ नर्स’ अब कहलाएंगी ‘नर्सिंग ऑफिसर’

रायपुर। अंतर्राष्ट्रीय नर्सेस दिवस के अवसर पर छत्तीसगढ़ सरकार ने नर्सिंग संवर्ग को नई पेशेवर पहचान देने की बड़ी घोषणा की है। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने रायपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर स्मृति चिकित्सालय में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि अब “स्टाफ नर्स” का पदनाम बदलकर “नर्सिंग ऑफिसर” और “नर्सिंग सिस्टर” का पदनाम “सीनियर नर्सिंग ऑफिसर” किया जाएगा।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवाओं की मजबूत आधारशिला हैं। मरीजों की देखभाल में उनका योगदान अतुलनीय है और वे सेवा, संवेदना तथा समर्पण का सर्वोत्तम उदाहरण प्रस्तुत करती हैं। उन्होंने कोविड-19 महामारी के दौरान नर्सिंग स्टाफ द्वारा निभाई गई अहम भूमिका को याद करते हुए कहा कि चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी नर्सों ने अद्वितीय साहस और सेवा भाव का परिचय दिया।

उन्होंने कहा कि नर्सें मरीजों के लिए मां के समान होती हैं, जो परिवार की तरह उनका ख्याल रखती हैं। राज्य सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के लिए लगातार काम कर रही है और लंबे समय से लंबित कई मांगों को पूरा किया जा रहा है।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में नर्सिंग अधिकारी, नर्सिंग छात्र-छात्राएं और अस्पताल के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। इस दौरान रीना Rajput, नीलिमा शर्मा, रंजना सिंह ठाकुर, सुमन देवांगन, कोमेश्वरी नवरंगे, प्रगति सतपुते, शीतल सोनी और नमिता डेनियल सहित अनेक नर्सिंग अधिकारियों को सम्मानित किया गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button