सुशासन तिहार में जनता की समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान, 924 आवेदन पहुंचे प्रशासन के पास

रायपुर। सुशासन को गांव-गांव तक पहुंचाने और सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जांजगीर-चांपा जिले में सुशासन तिहार 2026 के तहत लगातार जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी कड़ी में अकलतरा जनपद पंचायत के ग्राम पंचायत कापन में बड़ा शिविर आयोजित किया गया, जहां ग्रामीणों ने अपनी मांगों, शिकायतों और समस्याओं से जुड़े आवेदन प्रशासन को सौंपे।
शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही लाभ वितरित किया गया। राशन कार्ड, श्रम कार्ड, रोजगार कार्ड, आइस बॉक्स, मछली पकड़ने के जाल समेत कई सामग्रियां और सहायता राशि के चेक बांटे गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने घरों की चाबियां भी हितग्राहियों को सौंपी गईं।
महिला एवं बाल विकास विभाग ने गर्भवती महिलाओं की गोदभराई और बच्चों के अन्नप्राशन कार्यक्रम का आयोजन किया। साथ ही पोषण आहार, बच्चों के विकास और बाल विवाह रोकथाम को लेकर ग्रामीणों को जागरूक किया गया।
कापन शिविर में कुल 924 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 868 मांगें और 56 शिकायतें शामिल रहीं। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि ऐसे शिविर आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी जरिया बन रहे हैं और योजनाओं की जानकारी सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रही है।
प्रशासन ने जानकारी दी कि 26 मई को नगर पंचायत खरौद और ग्राम पंचायत खैजा में भी जनसमस्या निवारण शिविर लगाए जाएंगे, जिनमें कई वार्डों और 23 ग्राम पंचायतों के ग्रामीण शामिल होंगे।




