बलौदाबाजार में केंद्रीय विद्यालय की उम्मीद मजबूत, टंक राम वर्मा ने दिल्ली में उठाया मुद्दा

बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की मांग को लेकर उच्च शिक्षा मंत्री टंक राम वर्मा की पहल आगे बढ़ती नजर आ रही है। मंत्री वर्मा ने नई दिल्ली में केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर जिले में केंद्रीय विद्यालय शुरू किए जाने को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यार्थियों के हित को देखते हुए प्रक्रिया में तेजी लाने और जल्द स्वीकृति देने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान टंक राम वर्मा ने केंद्रीय विद्यालय की जरूरत और जिले के विद्यार्थियों को होने वाले लाभ की जानकारी केंद्रीय मंत्री को दी। इस पर प्रह्लाद जोशी ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए भरोसा दिलाया कि मामले में जल्द आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। इस आश्वासन के बाद जिले में केंद्रीय विद्यालय की स्थापना की उम्मीदें और मजबूत हुई हैं।
टंक राम वर्मा ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि केंद्रीय विद्यालय को लेकर केंद्र स्तर पर सकारात्मक चर्चा हुई है और जल्द निर्णय का आश्वासन मिलना जिले के लिए उत्साहजनक है।
स्थानीय विद्यार्थियों को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर का शैक्षणिक माहौल
बलौदाबाजार-भाटापारा जिले में केंद्रीय विद्यालय की मांग लंबे समय से उठती रही है। बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लिए कई विद्यार्थियों को बड़े शहरों या दूसरे जिलों की ओर जाना पड़ता है। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना होने से विद्यार्थियों को अपने ही जिले में राष्ट्रीय स्तर की शैक्षणिक सुविधाएं और बेहतर अध्ययन का माहौल मिल सकेगा।
राज्य सरकार ने विद्यालय संचालन के शुरुआती चरण के लिए अस्थायी भवन की व्यवस्था करने के साथ भविष्य में स्थायी भवन निर्माण के लिए भूमि चिह्नित और आरक्षित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।
शिक्षा के क्षेत्र में सुविधाओं के विस्तार की दिशा में यह पहल जिले के विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण मानी जा रही है। केंद्रीय विद्यालय की स्थापना से स्थानीय स्तर पर शैक्षणिक अवसर बढ़ने के साथ जिले के शिक्षा तंत्र को भी मजबूती मिलने की उम्मीद है।
ये खबर भी पढ़ें—:




