छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

सूरजपुर में सेवा संकल्प का असर: 46 स्वास्थ्य शिविरों में 38,943 लोगों को मिला इलाज और जांच का लाभ

सेवा संकल्प अभियान के तहत सूरजपुर जिले के ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों तक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने का सिलसिला लगातार जारी है। जिले के अलग-अलग विकासखंडों में लगाए गए 46 स्वास्थ्य शिविरों में कुल 38,943 लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इन शिविरों में स्वास्थ्य जांच और चिकित्सकीय परामर्श के साथ टीबी स्क्रीनिंग, दवा वितरण तथा आयुष्मान और वय वंदना कार्ड बनाने की सुविधा भी लोगों को उपलब्ध कराई गई।

कलेक्टर रेना जमील के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को एक ही स्थान पर कई जरूरी स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं। जन औषधि केंद्र और निःशुल्क दवा वितरण के जरिए 10,730 हितग्राहियों को दवाइयां दी गईं। वहीं, स्वस्थ नारी सशक्त परिवार स्टॉल से 7,866 लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ मिला। पात्र हितग्राहियों के 1,116 आयुष्मान कार्ड और 123 वय वंदना कार्ड भी बनाए गए।

टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत 2,622 लोगों का टीबी जांच के लिए पंजीकरण किया गया, जबकि 2,598 लोगों की स्क्रीनिंग की गई। इनमें 974 लोगों की हैंड-हेल्ड एक्स-रे जांच भी हुई। इस पहल से टीबी की जल्द पहचान करने और संभावित मरीजों को समय पर उपचार से जोड़ने में मदद मिल रही है।

अभियान के अंतर्गत आयोजित ‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम में 4,079 महिला हितग्राही, 2,422 बच्चे और 3,123 गर्भवती महिलाएं लाभान्वित हुईं। स्वास्थ्य सेवाओं में बेहतर योगदान देने वाली 286 मितानिनों और स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं को सम्मानित भी किया गया।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रशांत सिंह ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीमें लगातार ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में शिविर लगाकर जांच, उपचार, दवा वितरण और शासकीय स्वास्थ्य योजनाओं की जानकारी दे रही हैं। विभाग का प्रयास है कि जिले के अधिक से अधिक पात्र नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ा जा सके।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button