छत्तीसगढ़ न्यूज़ | Fourth Eye News

छत्तीसगढ़ की सड़कों को मिलेगी नई रफ्तार! गुजरात में राष्ट्रीय चिंतन शिविर में अरुण साव ने लिया हिस्सा

छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री और लोक निर्माण मंत्री अरुण साव गुजरात के नर्मदा में शुरू हुए दो दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर में शामिल हुए। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की ओर से आयोजित इस शिविर की थीम “गतिशक्ति से प्रगति” रखी गई है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने चिंतन शिविर का शुभारंभ किया। इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी मौजूद रहे।

राष्ट्रीय स्तर के इस चिंतन शिविर में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से सड़क निर्माण से जुड़े मंत्री, अधिकारी, विशेषज्ञ और नीति निर्माता हिस्सा ले रहे हैं। छत्तीसगढ़ की ओर से अरुण साव के साथ लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव और राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप भी शामिल हुए।

शिविर के पहले दिन भविष्य में बनने वाले राष्ट्रीय राजमार्गों की डिजाइन, निर्माण गुणवत्ता, सड़क सुरक्षा और परियोजना प्रबंधन जैसे अहम मुद्दों पर तीन सत्रों में चर्चा हुई। इस दौरान सड़क परियोजनाओं को बेहतर, सुरक्षित और समयबद्ध तरीके से पूरा करने को लेकर राज्यों के अनुभव और सुझाव साझा किए गए।

छत्तीसगढ़ में भी कई बड़े फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्गों की कार्ययोजना पर काम चल रहा है। इनमें रायपुर-जगदलपुर, बिलासपुर-रायगढ़, कटघोरा-अंबिकापुर और रायपुर-सारंगढ़ मार्ग शामिल हैं। राष्ट्रीय चिंतन शिविर में तैयार होने वाले नए फ्रेमवर्क इन परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में मददगार साबित हो सकते हैं।

पहले दिन पीएम गतिशक्ति के जरिए एकीकृत अधोसंरचना नियोजन, भूमि अधिग्रहण में तेजी, भूमि राशि के प्रभावी उपयोग और मॉडल कंसेशन एग्रीमेंट फ्रेमवर्क जैसे विषयों पर गहन विचार-विमर्श हुआ।

ये खबर भी पढ़ें —:

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button