गांव-गांव पहुंची सरकार, सेवा सेतु शिविर में ग्रामीणों की समस्याओं का मौके पर समाधान

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले में ‘सेवा सेतु अभियान’ के तहत ‘सरकार आपके द्वार’ की पहल को जमीन पर उतारा जा रहा है। इसी कड़ी में गौरेला विकासखंड के देवरगांव, मरवाही विकासखंड के बंसीताल और पेंड्रा विकासखंड के अमाडांड क्लस्टर पंचायतों में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए गए। शिविरों में ग्रामीणों को शासन की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देने के साथ उनके आवेदन लिए गए और पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ भी दिया गया।
अमाडांड हाई स्कूल मैदान में आयोजित शिविर का शुभारंभ मरवाही विधायक प्रणव कुमार मरपच्ची ने महात्मा गांधी और छत्तीसगढ़ महतारी के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित और माल्यार्पण कर किया। उन्होंने कहा कि सेवा सेतु अभियान के जरिए शासन-प्रशासन खुद ग्रामीणों तक पहुंच रहा है। अधिकारियों द्वारा योजनाओं की जानकारी देने के साथ ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान किया जा रहा है। उन्होंने लोगों से शिविर में उपलब्ध सेवाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। वर्ष 2047 तक भारत को विकसित और सशक्त राष्ट्र बनाने के लिए जनभागीदारी जरूरी है। उन्होंने नशामुक्त भारत, स्वच्छ भारत और विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने में ग्रामीणों से सहयोग की अपील की।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने शिविर में लगाए गए विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से प्राप्त आवेदनों और उनके निराकरण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्रामीणों की समस्याओं और आवेदनों का संवेदनशीलता के साथ जल्द निराकरण किया जाए।
शिविर में कृषि, वन, श्रम, खाद्य सहित कई विभागों ने स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी। ड्राइविंग लाइसेंस से जुड़ी सेवाओं के साथ स्वास्थ्य शिविर का भी आयोजन किया गया।
75 हितग्राहियों को आबादी पट्टा, 5 परिवारों को आवास की चाबी
अमाडांड शिविर में स्वामित्व योजना के तहत आसपास की ग्राम पंचायतों के 75 हितग्राहियों को आबादी पट्टे वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास पूरा करने वाले पांच हितग्राहियों को पूर्णता प्रमाण-पत्र और प्रतीकात्मक चाबी सौंपी गई।
स्वास्थ्य विभाग ने जरूरतमंदों को छड़ी और चश्मे वितरित किए। महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से पांच गर्भवती महिलाओं की गोद भराई कर उन्हें पोषण टोकरी दी गई, जबकि तीन बच्चों का अन्नप्राशन कराया गया। अधिकारियों ने ग्रामीणों को योजनाओं से जुड़ने की प्रक्रिया, पात्रता और मिलने वाले लाभों की जानकारी भी दी।
शिविर में जिला पंचायत अध्यक्ष समीरा पैकरा, उपाध्यक्ष राजा उपेंद्र बहादुर सिंह, सदस्य पूर्णिमा पैकरा, जिला पंचायत सीईओ मुकेश रावटे सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
ये खबर भी पढ़ें —:




