जम्मू : सीमा पार से गोलीबारी बंद करे पाकिस्तान : नगमा

जम्मू : कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव और फिल्म अभिनेत्री नगमा ने पाकिस्तान को चेताया कि वह अपना रवैया बदल गोलीबारी बंद करे। जम्मू पहुंची नगमा ने बातचीत करते हुए कहा कि गोलीबारी से जानमाल का नुकसान हो रहा है। पाकिस्तान को अपना रवैया बदलना होगा। केंद्र व राज्य सरकार पर बरसते हुए उन्होंने कहा कि जम्मू कश्मीर में शांति व अमन का माहौल बनाने के लिए सरकारों को नीतियां बनानी होगी।
प्रश्नों के जवाब में उन्होंने कहा कि मौजूदा केंद्र सरकार के समय में आतंकवादी घटनाओं में बढ़ोतरी हुई है। यह राजनीति का मौका नहीं है। अगर आप आंकड़े देखेंगे तो पता चलेगा कि कांग्रेस के समय में घटनाएं कम हुई थी। आज तो हालात काफी खराब है। लोग मारे जा रहे है। जवान शहीद हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की विदेश नीति पूरी तरह से विफल रही है।
यही वही सरकार है जो कहती थी अगर वो एक मारेंगे तो हम उनके दस मारेंगे। उन्होंने कहा कि हिंसा करना पूरी तरह से गलत है। चाहे पत्थरबाज करे या कोई जीप से किसी को बांधे। जम्मू कश्मीर में चुनी हुई सरकार है और केंद्र में सरकार को जनादेश मिला है इसलिए हालात ठीक करना सरकारों की जिम्मेदारी है।