संस्कृत बोर्ड रिजल्ट 2026 जारी: 85% से ज्यादा पास, 12वीं में शानदार प्रदर्शन

रायपुर। रायपुर में छत्तीसगढ़ संस्कृत विद्यामण्डलम द्वारा आयोजित मुख्य परीक्षा 2026 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। कक्षा 9वीं से 12वीं (पूर्व मध्यमा प्रथम वर्ष से उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष) तक के विद्यार्थियों का रिजल्ट जारी होते ही छात्रों और अभिभावकों में उत्साह देखने को मिला।
स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने परीक्षा परिणाम जारी करते हुए जानकारी दी कि इस वर्ष 34 परीक्षा केंद्रों पर कुल 1117 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। इस बार कुल औसत परिणाम 85.22 प्रतिशत रहा, जो पिछले वर्षों की तुलना में बेहतर प्रदर्शन माना जा रहा है।
कक्षा 10वीं (पूर्व मध्यमा द्वितीय) की बात करें तो 682 छात्रों में से 545 छात्र सफल रहे, जबकि 45 छात्र असफल और 92 को पूरक श्रेणी में रखा गया। इस कक्षा का परिणाम 79.91 प्रतिशत दर्ज किया गया।
वहीं कक्षा 12वीं (उत्तर मध्यमा द्वितीय वर्ष) के परिणाम ने खास तौर पर प्रभावित किया। कुल 435 परीक्षार्थियों में से 407 छात्र उत्तीर्ण हुए, 15 असफल रहे और 13 को पूरक मिला। इस कक्षा का कुल परिणाम 93.56 प्रतिशत रहा, जो बेहद शानदार माना जा रहा है।
इस अवसर पर कौशल विकास, तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार विभाग के मंत्री गुरु खुशवंत साहेब सहित विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। परीक्षार्थी अपना विस्तृत रिजल्ट विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर देख सकते हैं।



