Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

सचिव भीमसिंह ने मक्का प्रसंस्करण, एथेनॉल प्लांट और शिल्पनगरी का किया निरीक्षण

Secretary Bhim Singh inspected maize processing, ethanol plant and craft city.

रायपुर। कोण्डागांव जिले के प्रभारी सचिव श्री भीमसिंह ने आज कोकोड़ी स्थित मां दंतेश्वरी मक्का प्रसंस्करण और एथेनॉल प्लांट का निरीक्षण किया। इस अवसर पर उन्होंने प्लांट की कार्यप्रणाली और उसकी क्षमता की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने प्लांट के विभिन्न विभागों का निरीक्षण कर वहां की तकनीकी प्रक्रियाओं को समझा। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए कि प्लांट के बचे हुए कार्यों को शीघ्र पूरा कर लिया जाए ताकि यह जल्द ही पूरी तरह से कार्यरत हो सके। जिले के प्रभारी सचिव श्री सिंह ने कहा कि यह प्लांट क्षेत्र के विकास के लिए मील का पत्थर साबित होगा और यहां के लोगों को रोजगार का बेहतर अवसर मिलेगा।

प्रभारी सचिव श्री सिंह ने कोंडागांव स्थित शिल्पनगरी का भी अवलोकन कर शिल्पियों से उनके शिल्पकलाओं के सम्बंध में चर्चा की। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि शिल्पनगरी क्षेत्र की सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहर का एक महत्वपूर्ण केंद्र है जहां बेलमेटल और रॉट-आयरन से बनी कला कृतियों का निर्माण और विक्रय किया जाता है। प्रभारी सचिव श्री सिंह ने यहां शिल्पकलाओं के निर्माण प्रक्रियाओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिल्पकारों द्वारा बनाई गई वस्तुओं की गुणवत्ता की सराहना की और उनके विपणन के लिए और अधिक बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

प्रभारी सचिव ने कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ कार्यक्रम के तहत पौधरोपण भी किया। उन्होंने पौधरोपण कर जिले में हरियाली और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि पौधरोपण से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा बल्कि भविष्य की पीढ़ियों को स्वच्छ और हरा-भरा वातावरण प्रदान किया जा सकेगा। इस अवसर पर कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत, वन मंडलाधिकारी केशकाल श्री एन गुरुनाथन, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अविनाश भोई, अपर कलेक्टर श्री चित्रकांत चार्ली ठाकुर सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।