Fourth Eye News

एक्सक्लूसिव खबरों का अड्डा

माघ पूर्णिमा पर सजेगा सिरपुर, 1 से 3 फरवरी तक भव्य सिरपुर महोत्सव

Sirpur to be decorated on Magh Purnima, grand Sirpur Mahotsav from 1st to 3rd February

रायपुर। ऐतिहासिक और पुरातात्विक नगरी सिरपुर में माघ पूर्णिमा के अवसर पर होने वाला तीन दिवसीय सिरपुर महोत्सव 1 से 3 फरवरी 2026 तक भव्य और सुव्यवस्थित रूप में आयोजित किया जाएगा। प्रशासन स्तर पर इसकी तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।
तैयारियों की समीक्षा के लिए कलेक्टर विनय कुमार लंगेह जिला प्रशासन की टीम के साथ सिरपुर पहुंचे और महोत्सव स्थल सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार और सिरपुर विकास प्राधिकरण के सीईओ धम्म शील गणवीर भी मौजूद रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आयोजन को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और जनसुविधाओं से युक्त बनाने के निर्देश दिए। महोत्सव के जरिए सिरपुर के वैभव और ऐतिहासिक महत्व को देश-दुनिया तक पहुंचाने के लिए इस बार ऑनलाइन पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित कर प्रविष्टियां आमंत्रित की जाएंगी।

महोत्सव स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, पार्किंग, विद्युत व्यवस्था और स्वास्थ्य सुविधाओं को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए हैं। दर्शकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंच और डोम का निर्माण किया जा रहा है, साथ ही आवागमन के मार्गों को चौड़ा और सुगम बनाया जाएगा।
महोत्सव परिसर में विभागीय स्टॉल, स्व-सहायता समूहों के उत्पाद, वन उत्पाद, पर्यटन और संस्कृति से जुड़े स्टॉल लगाए जाएंगे। स्थानीय व्यवसायियों, कारीगरों और स्व-सहायता समूहों को प्राथमिकता देकर स्थानीय आजीविका को बढ़ावा दिया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान बॉलीवुड कलाकारों के साथ-साथ स्थानीय और छत्तीसगढ़ी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहेंगी। प्रतिदिन महानदी आरती का आयोजन भी होगा। स्वास्थ्य शिविर, एम्बुलेंस, फायर ब्रिगेड, साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की विशेष व्यवस्था की जाएगी।
प्रशासन ने सड़क मरम्मत, स्ट्रीट लाइट दुरुस्ती, अतिरिक्त प्रकाश व्यवस्था और शुद्ध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। महोत्सव के सुचारु संचालन के लिए नियंत्रण कक्ष की स्थापना की जाएगी।