वनांचल के बेटों ने रचा इतिहास: शंकरगढ़ के 11 युवा बने अग्निवीर, अरविंद यादव का पैरा कमांडो में चयन

छत्तीसगढ़ के बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के शंकरगढ़ विकासखंड के युवाओं ने अपनी मेहनत और लगन से नया इतिहास रच दिया है। सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद क्षेत्र के 11 युवाओं का भारतीय सेना की अग्निवीर भर्ती में चयन हुआ है। इनमें ग्राम जोकापाठ के अरविंद यादव ने विशेष उपलब्धि हासिल करते हुए भारतीय सेना की प्रतिष्ठित स्पेशल फोर्स पैरा कमांडो में जगह बनाई है। वे जिले के पहले युवा हैं, जिन्हें इस गौरवशाली इकाई में चयनित होने का अवसर मिला है।
ग्रामीण और वनांचल क्षेत्र से निकलकर इन युवाओं ने साबित किया है कि मजबूत इरादों के सामने किसी भी प्रकार की बाधा टिक नहीं सकती। उनकी यह सफलता पूरे सरगुजा संभाग के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।
चयनित युवा अपने प्रशिक्षकों के साथ कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी से मिले। कलेक्टर ने सभी युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्षेत्र के युवाओं में अपार प्रतिभा है और सही मार्गदर्शन मिलने पर वे राष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बना सकते हैं। उन्होंने अन्य युवाओं को भी सेना और प्रतियोगी क्षेत्रों में आगे आने के लिए प्रेरित किया।
इस सफलता के पीछे अतिथि शिक्षक सुदर्शन यादव और एक सेवानिवृत्त सैनिक का अहम योगदान रहा। दोनों ने युवाओं को भर्ती की तैयारी, शारीरिक प्रशिक्षण और लिखित परीक्षा के लिए लगातार मार्गदर्शन दिया। अरविंद यादव ने बताया कि देश सेवा का सपना उन्होंने बचपन से देखा था, जिसे वर्षों की मेहनत और अनुशासन ने आज साकार कर दिया।




