SUDA को मिला नया नेतृत्व, सुमीत अग्रवाल ने संभाली सीईओ की जिम्मेदारी

राज्य शहरी विकास अभिकरण (SUDA) के नए मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) सुमीत अग्रवाल ने सोमवार को नवा रायपुर स्थित इंद्रावती भवन में सूडा मुख्यालय पहुंचकर पदभार ग्रहण किया। कार्यभार संभालने के बाद उन्होंने सूडा एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के अधिकारियों के साथ परिचयात्मक बैठक कर विभाग की प्रमुख योजनाओं और कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। इससे पहले वे दुर्ग नगर निगम के आयुक्त के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।
पदभार ग्रहण करने के बाद सुमीत अग्रवाल ने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के शहरी क्षेत्रों का समग्र विकास और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समय पर अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सर्वोच्च प्राथमिकता होगी। उन्होंने विभागीय अधिकारियों और तकनीकी टीम के साथ समन्वय बनाकर छत्तीसगढ़ के नगरीय निकायों को अधिक सशक्त, पारदर्शी और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में कार्य करने की प्रतिबद्धता जताई।
इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी दुष्यंत कुमार रायस्त, अपर संचालक पुलक भट्टाचार्य, उप संचालक अर्पिता पाठक, अधीक्षण अभियंता रमेश सिंह, उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरि, सचित कुमार साहू सहित विभाग के कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।




